रोडवेज ने खराब निजी बस को ठोंका, दो की मौत
रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़ी निजी बस को टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई।
बदायूं : यात्रियों से भरी हुई एक प्राइवेट बस मंगलवार को दिल्ली से बदायूं आ रही थी। रास्ते में मुजरिया क्षेत्र के कौल्हाई के पास पहुंचने पर बस खराब हो गई। कुछ सवारियां बैठीं थीं। कुछ बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान एक रोडवेज ने पीछे से प्राइवेट बस को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से बस आगे बढ़ती चली गई और सामने खड़ी एक महिला व युवक को चपेट में ले लिया। इससे दोनों की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। दोनों ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
हादसा बदायूं-आगरा हाईवे पर मुजरिया थाना क्षेत्र में स्थित गांव कौल्हाई के पास मंगलवार सुबह लगभग सात बजे हुआ। दिल्ली से बदायूं आ रही प्राइवेट बस में खराबी आने के कारण ड्राइवर ने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। साथ ही सवारियों को किसी अन्य वाहन से बदायूं पहुंचाने की बात कही। इस बीच खराबी दूर करने की कोशिश भी चल रही थी। इससे कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर किसी अन्य वाहन का इंतजार करने लगे तो कुछ बस के आसपास खड़े हो गए। इसी दौरान दिल्ली की ओर से ही आ रही रोडवेज ने खड़ी प्राइवेट बस को पीछे से टक्कर मार दी। नतीजतन, निजी बस आगे खिसकी और उसकी चपेट में आने से वजीरगंज के गांव हतरा निवासी विद्यानंदन (20) पुत्र प्रेमशंकर, प्रेमा (40) पत्नी भगवानदास निवासी गांव रनऊ थाना उझानी के अलावा कल्पना पत्नी मनोज निवासी गढ़ी रिसौली, चंद्रवती पत्नी रामकिशोर निवासी परसुआ थाना उझानी और तीन छोटे बच्चे घायल हो गए।
सभी को अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टर ने विद्यानंदन और प्रेमा को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज शुरू कर दिया। इधर, हादसे की खबर पर मृतकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। दोनों का दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिए। दिल्ली से लौट रही थीं प्रेमा
- हादसे का शिकार हुई प्रेमा कई साल से दिल्ली के शिव बिहार में रह रहीं थीं। अपने भतीजों धर्मेंद्र व सचिन के साथ गांव लौट रही थीं लेकिन रास्ते में उनकी जान चली गई। किसने दिया निजी बस को परमिट
- दिल्ली से बदायूं तक का सफर कराने के लिए निजी बस को किसने परमिट दिया। इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस और एआरटीओ की जुगलबंदी के चलते यह बसें रोजाना दिल्ली से बदायूं का सफर करती हैं। रात को भी बदायूं से दिल्ली को प्राइवेट बसें रवाना होती हैं। जबकि वहां से भी कई बसें आती हैं। नतीजतन हर महीने रोडवेज को लाखों रुपये का घाटा उठाना पड़ता है। वर्जन
दो लोगों की मौत हुई है। प्राइवेट बस कहां से आ रही थी, इसकी जांच की जा रही है। दोनों बसों के ड्राइवर फरार हैं। इसलिए अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- धर्मेद्र सिंह, एसओ मुजरिया