श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं से कराएं लाभान्वित
विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सामने आ रही कठिनाइयों का निराकरण कराया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त अजीत कुमार कनौजिया के श्रम कल्याण परिषद द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
बदायूं, जेएनएन: योगी सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है। अधिकारी श्रमिकों को इन योजनाओं से लाभान्वित कराएं। उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पं. सुनील भराला ने सोमवार को कलक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों और ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों से श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सामने आ रही कठिनाइयों का निराकरण कराया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त अजीत कुमार कनौजिया के श्रम कल्याण परिषद द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धींगड़ा ने योजनाओं के आवेदन आनलाइन व आफलाइन जमा कराने की सुविधा श्रम विभाग के कार्यालय से किए जाने का अनुरोध किया। इस पर परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि 30 नवंबर को आयोजित होने वाली बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव रखेंगे। ट्रेड यूनियन अध्यक्ष असरार अहमद ने श्रम कल्याण परिषद की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जगह-जगह बैनर पोस्टर लगाए जाने का सुझाव दिया। परिषद अध्यक्ष ने कारखाना मालिकों से कारखाने के गेट पर योजनाओं की जानकारी वाले बैनर लगाने का अनुरोध किया तथा श्रम विभाग को प्रचार प्रसार करने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को इसका लाभ दिलाए जाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जिलाधिकारी दीपा रंजन, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक डा.प्रवेश कुमार, सहायक श्रमायुक्त अजीत कुमार कनौजिया, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सतेंद्र कुमार मिश्र, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र जैस्मिन, किसान सहकारी चीनी मिल शेखूपुर के महाप्रबंधक आरके रस्तोगी आदि मौजूद रहे। सहायक श्रमायुक्त अजीत कुमार कनौजिया ने आभार व्यक्त किया। श्रमिकों को मुफ्त धार्मिक यात्रा कराएगी सरकार
कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पं. सुनील भराला ने कहा कि सरकार श्रमिकों के कल्याण को लेकर संजीदा है। श्रवण कुमार श्रमिक परिवार धार्मिक पर्यटन योजना की शुरुआत की है, इसमें श्रमिक दंपती समेत परिवार के छह सदस्यों को धार्मिक यात्रा कराने की सुविधा दी जा रही है। विधानसभा चुनाव में सहसवान सीट पर किसी पार्टी से गठबंधन की बात पर उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को ही टिकट देकर मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने श्रम विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।