आज पहुंचेगा बम्पी, हाथ से फिसल रहा अर्जुन
विवेक की हत्या कर शव को चार महीने तक फर्श में दबाए रखने का मुख्य आरोपित बम्पी को लेकर कर्नाटक से बदायूं पुलिस सोमवार सुबह तक जिले में पहुंच जाएगी।
संस, बिसौली : विवेक की हत्या कर शव को चार महीने तक फर्श में दबाए रखने का मुख्य आरोपित बम्पी को लेकर कर्नाटक से बदायूं पुलिस सोमवार सुबह तक जिले में पहुंच जाएगी। वहीं, इस हत्याकांड में बम्पी के सहयोगी अर्जुन की तलाश में पुलिस टीम सुल्तानपुर रवाना तो हुई है लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर यहां लाया जाएगा।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर शाह में एक युवक के अपहरण के बाद उसकी हत्या कर दी गई और लाश को भी घर में ही फर्श के नीचे दबा दिया। परिजन भटकते रहे और पुलिस आरोपित को पकड़कर छोड़ने का खेल खेलती रही। पूरे मामले में हल्का दारोगा की भूमिका पर सवाल उठे हैं। वहीं पुलिसिया सिस्टम की भी कलई खुल गई है। क्योंकि पुलिस की कार्रवाई की सुई सिर्फ विवेक के घर से रुपये भागने या किसी युवती अथवा किशोरी को बहलाकर ले जाने तक अटक गई थी। अब पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी कर मामले को ठंडा करने में लगी है। जबकि चार महीने तक इस मामले में पुलिस का सर्विलांस समेत मुखबिर तंत्र फेल साबित हुआ है। इधर, चर्चा है कि अर्जुन भी पुलिस के हाथ लग चुका है लेकिन उसे यहां लाने के बाद ही गिरफ्तारी दिखाई जाएगी। बदहवास है मां तो खामोश पिता
चार दिन से विवेक के घर में मातम पसरा है। मां जयंती देवी के मुंह में एक निवाला नहीं गया है। जागते और सोते बेटे को पुकार रही हैं। पूरा परिवार मां के आंसू के सामने असहाय हो गया है। वहीं, पिता अवनीश गुप्ता आंसुओं के सैलाब को अपने अंदर ही समेटे हुए है।
बंम्पी के परिवार वालों के खंगाले गए बैंक खाते
आरोप है, बम्पी दिल्ली में लूट करके गांव भाग आया था। उसने लूट की रकम से बाइक खरीदी थी। कुछ रकम परिजनों के बैंक खातों में डाल दी थी। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में गांव आई। वह हत्थे चढ़ गया। बाइक दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। साथ ही बम्पी के परिजनों के बैंक खाते भी खंगाले। पुलिस ने बम्पी के कुछ सहयोगियों को भी जमकर हड़काया। इतना ही नहीं परिवार वालों के खाते में पड़े पांच लाख रूपये भी दिल्ली पुलिस ने निकलवा लिए। तीन साल तिहाड़ में रहने के बाद ही बम्पी गांव आया और ऐशो आराम की जिदगी जीने लगा।
वर्जन ::
अर्जुन की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। ट्रांजिट रिमांड पर बम्पी यहां लाया जा रहा है। वारदात की वजह समेत उसमें शामिल अन्य लोगों के नाम उससे पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होंगे।
- राघवेंद्र सिंह, सीओ बिसौली