बच्चों के विवाद में भिड़े दो पक्ष, सात गिरफ्तार
जेएनएन बदायूं मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव थल्लिया नगला में क्रिकेट खेलते वक्त बच्चों में विवाद ह
जेएनएन, बदायूं : मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव थल्लिया नगला में क्रिकेट खेलते वक्त बच्चों में विवाद हो गया। मामूली विवाद में बड़े आमने-सामने हो गए। इसके बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें कुछ लोग चोटिल भी हो गए। दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों केा गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
गुरुवार को गांव निवासी अहमद मियां और दूसरे पक्ष के रियाजुल के परिवार के बच्चे गांव में ही क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच विवाद हो गया। बच्चों की शिकायत पर परिजन भी मैदान में पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंची। पुलिस ने अहमद मियां उर्फ मुजाहिद पक्ष से दिलशाद, शाहिद अली और दूसरे पक्ष के रियाजुल, शराफत, फिराजुल हसन, कय्यूम को गिरफ्तार कर लिया। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई। एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों के बीच क्रिकेट खेलते वक्त विवाद हुआ था। बच्चों के विवाद में बड़े आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।