सहसवान में प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती
नगर के मस्जिद में महाराष्ट्र का तब्लीगी कोरोना पॉजिटिव मिलने से सख्ती बढ़ा दी गई है। हालांकि लॉकडाउन तो पहले से लागू था अब कर्फ्यू जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस ने नगर के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगा कर वाहनों और लोगों का आवागमन बंद कर दिया है।
संस सहसवान (बदायूं) : नगर के मस्जिद में महाराष्ट्र का तब्लीगी कोरोना पॉजिटिव मिलने से सख्ती बढ़ा दी गई है। हालांकि लॉकडाउन तो पहले से लागू था, अब कर्फ्यू जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस ने नगर के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगा कर वाहनों और लोगों का आवागमन बंद कर दिया है। एसडीएम लाल बहादुर, सीओ रामकरन सरोज और कोतवाल हरेंद्र सिंह ने फोर्स के साथ नगर में भ्रमण किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की।
एसडीएम ने बताया कि कोई भी व्यक्ति घर से बाहर या सड़क पर घूमता मिला तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। सोमवार तक सड़कों पर लोगों की जो आवाजाही दिख जाती थी वह मंगलवार को नहीं दिखी। सुबह से ही पुलिस ने मुहल्लों में घूम घूम कर इक्का-दुक्का खुली मिली दुकानों को बंद करा दिया। गांव से आवश्यक कार्य के लिए नगर आने वाले लोगों को भी पुलिस ने लौटा दिया। एसडीएम ने यह भी बताया कि आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई के लिए थोक विक्रेताओं को पास जारी किए गए हैं जो वाहन से राशन सामग्री का डोर टू डोर वितरण करेंगे। एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया और एसपी देहात डॉ.एसपी सिंह भ्रमण कर निगरानी करते रहे। चार मस्जिदों में रुके थे तब्लीगी
डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने तहसील गेट मस्जिद के मौलवी के से पूछताछ की तो बताया कि 14 फरवरी को बडाला शांतिनगर मुंबई महाराष्ट्र से आए थे, जो शहर के विभिन्न 4 मस्जिदों में अलग-अलग जगह रुके थे। दोनों अधिकारियों ने एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन जिन जगह पर कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति रुका है उन सभी मस्जिदों को सैनिटाइज करा कर सील कर दें। सभी लोगों को अवगत करा दिया जाए कोई भी घर से नहीं निकलेगा सभी लोग घरों में ही रहेंगे।