दातागंज में पांच बार चुनाव प्रचार करने आए थे एनडी तिवारी
पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के निधन के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी उनकी यादों को साझा किया।
बदायूं : पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के निधन के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी उनकी यादों को साझा कर रहे हैं। बता रहे हैं कि यहां से उनको विशेष लगाव था। गूरा हाउस वाले पाठक परिवार के यहां वह कई बार आए तो उनके परिवार की ही वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूर्व विधायक संतोष कुमारी पाठक के चुनाव प्रचार के लिए वह पांच बार आए थे। यहां पर डेरा डालकर उनका चुनाव प्रचार किया था। वह हर बार यहां से विधायक बनतीं तो अगले चुनाव के दौरान उनको जरूर बुलाया जाता था। उस वक्त कांग्रेस की सियासत का यहां गूरा हाउस वालों को ही मजबूत स्तंभ कहा जाता था। स्मरण है कि दातागंज में पूर्व विधायक संतोष कुमारी पाठक के चुनाव प्रचार के लिए वह पहली बार आए तो दातागंज में वह पांच दिन तक रुके थे। पांच दिन रुककर उन्होंने संतोष कुमारी का चुनाव प्रचार कर उनके जीतने पर उनको आशीर्वाद भी दिया था। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को दातागंज के कांग्रेस कार्यालय पर हुई शोकसभा के दौरान बताया गया कि यहां पांच दिन तक रुककर उन्होंने कांग्रेस पार्टी का डोर-टू-डोर प्रचार किया था। इससे यह साबित होता है कि दातागंज से उन्हें बेहद लगाव था। उस समय कांग्रेस की नेता पूर्व विधायक संतोष कुमारी पाठक हुआ करती थीं। जिन के बुलावे पर वे हर चुनाव में आए थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य आतिफ खां ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रहे तो नौ नवंबर 2000 को यूपी से अलग होकर उत्तराखंड अलग राज्य बना। पिछले 18 वर्षों में वह अकेले ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने हिमालयी राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। शोक सभा में अजहर हुसैन, जाहिद अली, दानिश महफूज, इसहाक, शाहबुद्दीन, अशोक चक्र, धर्मेंद्र यादव, अशोक यादव, तेजपाल मौर्य, सतीश, साजिद, फारूकी आदि मौजूद रहे। संसू, रुदायन : कांग्रेसी मास्टर रामप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में उनके आवास पर शोकसभा का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें लौह पुरुष बताया। इस मौके पर मोहनलाल गुप्ता, पपनेश कुमार गुप्ता, लटूरी खां, सतीश शर्मा, ओमकार ¨सह यादव, इंद्रपाल प्रजापति, पप्पू कश्यप, वीरेंद्र कुमार पासी, कल्लू ¨सह आदि मौजूद रहे।
--------------