नवनवेली दुल्हन ने ससुराल जाने से पहले मतदान किया
नवनवेली दुल्हन ने ससुराल जाने से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उझानी : लोकतंत्र के उत्सव में अपनी सहभागिता दर्ज करने के लिए दुल्हन बनी नीलम ने भी पहले मतदान किया, फिर ससुराल गई। मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। युवाओं में मतदान को लेकर उत्साह भी दिखा।
कस्बा उझानी में रेलवे रोड निवासी सभासद रामप्रवेश की भतीजी नीलम की सोमवार रात शादी थी। बिल्सी थाना क्षेत्र से बरात आई थी। रात में शादी की रस्म हुई, बरातियों की खातिरदारी के साथ शादी का जश्न मनाया गया। मंगलवार सुबह उसकी विदाई होनी थी, उसने पति और परिजनों से विदाई से पहले वोट डालने की मंशा जाहिर की तो सभी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। सुबह वह पति के साथ नगर पालिका परिसर स्थित कस्तूरबा जूनियर हाईस्कूल के बूथ पर मतदान करने पहुंची। मतदान के बाद वह वापस लौटी, तब ससुराल के लिए विदा हुई। विदाई से पहले दुल्हन के मतदान करने का यह प्रकरण चर्चा का विषय बना रहा। हर किसी ने उसकी सराहना की।