विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में दस साल से एक ही जगह जमे नवाब मियां पर गिरी गाज, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

Published: Sat, 22 Aug 2026 08:17 PM (IST)

सैदपुर सीएचसी में दस साल से तैनात पैरामेडिकल वर्कर नवाब मियां का जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं की शिकायत के बाद इस्लामनगर तबादला कर दिया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. नवाब मियां का सैदपुर सीएचसी से इस्लामनगर तबादला हुआ।

  2. जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं की शिकायत पर हुई कार्रवाई।

  3. दैनिक जागरण की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल।

जागरण संवाददाता, बदायूं। सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले एक दशक से मजबूती से अपनी जड़ें जमाए बैठे पैरामेडिकल वर्कर नवाब मियां का आखिरकार बोरिया-बिस्तर बंध ही गया।

दैनिक जागरण द्वारा कर्मचारियों की असमान तैनाती और जन शिकायतों की परतें खोलती खबर को प्रमुखता से छापने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। हरकत में आए सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने फौरन कार्रवाई करते हुए नवाब मियां का इस्लामनगर तबादला कर दिया, जिसके बाद सीएचसी अधीक्षक ने उन्हें रिलीव भी कर दिया है।

यह है पूरा मामला

सैदपुर सीएचसी में नवाब मियां की लंबे समय से तैनाती को लेकर जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं में काफी असंतोष था। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष मुकेश भदौरिया और क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र पाल ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सीएमओ को एक औपचारिक शिकायती पत्र सौंपा था।

शिकायत में नेताओं ने आरोप लगाया था कि वजीरगंज ब्लाक में दो-दो पीएमडब्ल्यू तैनात किए गए हैं, जबकि आसफपुर और इस्लामनगर जैसे क्षेत्रों में यह पद खाली पड़े हैं। इसके साथ ही नवाब मियां के व्यवहार को लेकर भी जनप्रतिनिधियों व आम जनता में नाराजगी थी।

नेताओं ने उन्हें आसफपुर स्थानांतरित करने की मांग की थी, लेकिन खबर पर संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने उनका तबादला इस्लामनगर कर दिया। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया आगे भी जारी रहने के संकेत हैं।

हाल ही में सीएमओ कार्यालय द्वारा जारी एएनएम की नई तबादला सूची में सीएचसी सैदपुर की तीन एएनएम के नाम भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इन्हें भी नई जगह पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

उच्चाधिकारियों के आदेश और विभागीय फेरबदल के तहत पैरामेडिकल वर्कर नवाब मियां को सीएचसी सैदपुर से कार्यमुक्त कर इस्लामनगर स्थानांतरित कर दिया गया है।

-जुनैद मेंहदी, एमओआईसी सीएचसी सैदपुर

यह भी पढ़ें- आजम खान को 10 साल की सजा सुनाने वाले जज का हुआ तबादला, डूंगरपुर केस के फैसले से पहले बड़ा फेरबदल

यह भी पढ़ें- अमरोहा में बड़ा खेल! डीएम साहिबा का हुआ तबादला और फाइलों में 'कैद' हो गए भ्रष्टाचार के बड़े खुलासे!