योगी के तरकश से निकले राष्ट्रवाद और हिदुत्व के तीर
सपा के गढ़ में सीएम योगी की तरकश से हर तीर निकले।
बदायूं: सपा के गढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तरकश से हर तरह के तीर निकले। राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाकर एक ओर जहां उन्होंने भाजपा सरकार में सीमा से लेकर सीमा पार तक हुई कार्रवाई की चर्चा की वहीं कांग्रेस पर राष्ट्रद्रोहियों को शह देने का आरोप लगाते हुए तीखे सवाल भी किए। उन्होंने हिदुत्व का अलख भी जगाया, कहा कि सपा शासन में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। भाजपा की सरकार आते ही कांवड़यात्रा पर लगे सभी प्रतिबंध हटा लिए गए।
बदायूं संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य के समर्थन में मुजरिया रोड पर बिल्सी में हुई चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री अपराह्न 1.20 बजे पहुंचे। करीब 27 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने सबसे पहले मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। प्रदेश सरकार की भी उपलब्धियां गिनाईं, कहा कि सपा शासन में गुंडागर्दी थी। भाजपा सरकार बनने पर गुंडे जेल में डाल दिए गए। उन्होंने सपा के एमएलसी चौ.वीरेंद्र सिंह के भाजपा में आने का प्रसंग भी सुनाया। राहुल गांधी को निशाने पर रखा, सवाल पूछा कह राहुल गांधी गरीबी मिटाने की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस जब 55 वर्षों में गरीबों का खाता तक नहीं खुलवा सकी तो गरीबी कैसे दूर भगा पाएगी। पीएम मोदी की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पांच साल में नक्सलवाद, आतंकवाद, अलगाववाद न्यूनतम स्तर पर आया है। मोदी जी इस बार प्रधानमंत्री बनेंगे तो यह भी पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। उन्होंने सबका साथ-सबका विकास का नारा दोहराते हुए कहा कि भाजपा घोषणा पर विश्वास नहीं करती, जनहित में संकल्प लेकर काम करके दिखाती है। आखिर में आयोध्या राम मंदिर मुद्दे पर भी बोले, मंदिर भाजपा सरकार ही बनवाएगी। कश्मीर से धारा-370 खत्म कराएंगे और तीन तलाक को लागू कराया जाएगा। सपा-बसपा गठबंधन एक धोखा : योगी
मुख्यमंत्री योगी ने सपा-बसपा गठबंधन को एक धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति के लोगों के हित में सबसे ज्यादा काम भाजपा सरकार ने किया है। कुंभ में प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मियों के पांव पखारकर त्रेता युग की परंपरा कायम रखी।
परिवारवाद का भी उछाला मुद्दा
सपा पर प्रहार करते हुए सीएम ने परिवारवाद का भी मुद्दा उछाला। कहा कि जो अपना परिवार नहीं संभाल सकता वह देश और प्रदेश को क्या संभालेगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, जिला प्रभारी महाराज सिंह, बीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, धर्मेंद्र शाक्य, आरके शर्मा, कुशाग सागर, अजीत कुमार यादव आदि मौजूद रहे।