खाना बनाते समय नवविवाहिता झुलसी, मौत
नबीगंज में खाना बनाते समय गैस से आग लगने से एक नवविवाहिता झुलस गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
बिसौली : गांव नबीगंज में खाना बनाते समय गैस से आग लगने से एक नवविवाहिता झुलस गई। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मायके और ससुराल वाले कोतवाली पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने घटना को लेकर कोई प्रार्थना पत्र दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नबीगंज में सलीम की छह माह पूर्व गांव संग्रामपुर निवासी असरार की पुत्री फातमा से शादी हुई थी। सोमवार को फातमा घर में अकेली थी। वह सोमवार को दोपहर में गैस पर खाना बना रही थी। बताते हैं कि गैस के ऊपर अलमारी में केरोसिन ऑयल से भरी डिबरी रखी थी। खाना बनाते समय यह डिबरी गैस के चूल्हे पर गिर गई। आग की तेज लपटों ने फातमा को घेर लिया। आग की चपेट में आने से गैस पाइप भी जल गया। फिर तो पूरे कमरे मे आग ही आग थी। चूंकि फातमा घर में अकेली थी, वह चीखते हुए बाहर को भागी। मुहल्ले वाले भागकर आए। महिलाओं ने जैसे तैसे आग बुझाई। इधर खेत पर काम कर रहा सलीम भी सूचना मिलते ही घर आ गया। आनन फानन में फातमा को नगर के अस्पताल लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार चार बजे फातमा ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही मायके वाले कोतवाली आ गए। इधर समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।