कानून के साथ पर्यावरण के भी पहरेदार
अपराध पर लगाम, कानून-व्यवस्था बनाने से लेकर यातायात सुचारु रखने तक की जिम्मेदारी।
बदायूं : अपराध पर लगाम, कानून-व्यवस्था बनाने से लेकर यातायात सुचारु रखने तक की जिम्मेदारी। उस पर भी अधिकारियों के नए-नए निर्देश, बैठकें। ऐसी व्यस्ततम दिनचर्या में भी एक थानाध्यक्ष धरती को हरा-भरा रखने की मुहिम में लगे हैं। बच्चों का जन्मदिन हो या शादी की सालगिरह उत्सव के बजाय पौधरोपण कर खुशियां मनाते हैं। जिले के कादरचौक थाने के प्रभारी हरिभान सिंह राठौड़ करीब एक दशक से पर्यावरण संरक्षण के अभियान मे सक्रिय हैं।
पिता से मिली प्रेरणा
उपनिरीक्षक हरिभान सिंह राठौड़ मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के टूंडला के निवासी हैं। पुलिस की सेवा में आने के साथ ही एक संकल्प और प्रेरणा भी साथ आई। यह संकल्प है पौधरोपण का। थानाध्यक्ष बताते हैं कि पिता राजवीर सिंह राठौड़ भी उत्तर प्रदेश पुलिस में रहे हैं। प्रकृति प्रेमी पिता हर तैनाती स्थल पर पौधे लगवाते थे। उन्हीं से प्रेरणा मिली।
चार थाने कर चुके हरियाली से पूर्ण
बदायूं में पहली तैनाती उसहैत थानाध्यक्ष की मिली। कटरी के इस थाने में भवन से लेकर परिसर तक में अव्यवस्था थी। अपनी तैनाती के दौरान साफ-सफाई, पौधरोपण कर चमकाया। कुंवरगांव थानाध्यक्ष के रूप में तैनाती के दौरान ही बेटे का जन्मदिन पड़ा। इसे पूरे थाने में पौधे लगवाकर मनाया। यह सिलसिला उसावां में भी जारी रहा। अब कुंवरगांव में तैनात हैं।
अब तक चार हजार पौधे रोप चुके हैं
थानाध्यक्ष हरिभान सिंह केवल थाना परिसर या तैनाती स्थल ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक मंच पर भी पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं। खुद अब तक करीब चार हजार पौधे लगा चुके हैं। विभाग में अलग पहचान के साथ ही कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इस मुहिम में पत्नी वंदना सिंह भी सहयोग करती हैं।