जेल में बंद नाइजीरियन मांग रहा विदेशी खाना
बदायूं : लंबे समय से हवाला कारोबार के जरिये करोड़ों की ठगी कर पुलिस के लिए मुसीबत बना नाइजीरियन हवाला
बदायूं : लंबे समय से हवाला कारोबार के जरिये करोड़ों की ठगी कर पुलिस के लिए मुसीबत बना नाइजीरियन हवाला कारोबारी अब जेल प्रशासन के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब वह सलाखों के पीछे विदेशी खाना मांग रहा है। भारतीय खाना खाने से वह साफ इन्कार कर रहा है। तीन दिन से जेल प्रशासन उसके लिए तमाम तरह के व्यंजन बनवा रहा है, लेकिन वह खाना खाने को तैयार नहीं है। इससे जेल प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
चार दिन पहले बिसौली पुलिस ने हवाला कारोबार का रैकेट चलाने वाले जेम्स ली पुत्र बोकारो निवासी स्टेट डेल्टा नाइजीरिया को उसके साथी गुलफाम के साथ पकड़ा था। वह लंबे अर्से से बिसौली कोतवाली क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांव में हवाला कारोबार चला रहा था। दिल्ली के छतरपुर इलाके में रहकर वह तमाम राज्यों में साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था इस गिरोह की तलाश में कई बार सीबीआइ, एटीएस और तमाम राज्यों की पुलिस ने यहां छापेमारी की थी। किसी तरह बिसौली पुलिस को कामयाबी मिली तो उसको जेल भेजा गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के बाद राहत की सांस ली तो बदायूं पुलिस का गौरव भी बढ़ा दिया। उसको जब जेल भेजा गया तो अन्य बंदियों की तरह उसके सामने भी जेल का खाना पेश किया गया। खाना देखते ही उसने अपनी भाषा में उस खाने को खाने से मना कर दिया। रात भर वह जेल में बड़बड़ाता रहा। जेल प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों ने जब उससे बात की तो उसने बताया कि वह दिल्ली में विदेशी खाना ही खाता था। फाइव स्टार होटल से उसको खाना मुहैया कराया जाता था जो उसके देश में बनता है वही खाना उसको मिलता था। वह भारतीय खाने को नहीं खा सकता। इसके बाद उसे तमाम तरह के खाने मंगवाए गए, लेकिन वह खाने को तैयार नहीं हुआ। किसी तरह उसको फ्रूट जूस आदि पर राजी किया गया है।
वर्जन ..
नाइजीरियन अपने देश का ही खाना मांग रहा है वह यहां का खाना नहीं खा रहा है। उसको बाहर से फ्रूट जूस मंगवाया गया तो उसने पिया है। इस बात की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
- पीएस शुक्ला, जेलर