घर में घुसे सांड़ के विवाद में ग्रामीण की पीटा, मौत
जेएनएन बदायूं फैजगंज थाना बेहटा क्षेत्र के गांव डरेला में घर में घुसे सांड़ को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विरोध करने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को लाठी डंडों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।
जेएनएन, बदायूं : फैजगंज थाना बेहटा क्षेत्र के गांव डरेला में घर में घुसे सांड़ को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विरोध करने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को लाठी डंडों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। बुधवार को चंदौसी ले जाते हुए उनकी मौत हो गई। मारपीट में मृतक की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हुई है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव डरेला के अंकित और शेर सिंह का सोमवार की शाम विवाद हो गया था। अंकित ने गांव में सांड़ को डंडे से दौड़ा दिया था। जिससे सांड़ शेरसिंह के घर में घुस गया। सांड़ के घुसने से शेर सिंह का दरवाजा टूट गया। इसको लेकर दोनों पक्षों के लोग सामने आ गए। गाली-गलौच के बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडा चले। इस बीच अंकित पक्ष ने शेर सिंह के भाई महेंद्र सिंह को घेर लिया और उसके सिर पर कई डंड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता को पिटते देख महेंद्र की बेटी काजल बचाव में आई तो आरोपितों ने उसे भी पीट दिया। मारपीट में महेंद्र सिंह के साथ उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी पर डायल 112 की टीम गांव पहुंची। यहां से दोनों ही पक्ष थाने गए। पुलिस ने आरोपित अंकित के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया। इधर, महेंद्र सिंह की हालत बिगड़ने लगी। बुधवार को स्वजन महेंद्र सिंह को चंदौसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई शेर सिंह की तहरीर पर आरोपित अंकित, शशिकांत, प्रशांत और सत्यपाल के खिलाफ गैर इरादतन की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घटना की जानकारी पर सीओ भी गांव पहुंचे। हालांकि मौत की जानकारी के बाद आरोपित पक्ष फरार है। इस संबंध में फैजगंज बेहटा इंस्पेक्टर अजय चाहर ने बताया कि घर में सांड़ घुसने को लेकर हुए विवाद के मारपीट हुई थी। घायल को चंदौसी ले जाते समय मौत हुई है। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।