प्रवासियों को मुफ्त दिया गया गेंहू-चावल
जेएनएन बदायूं प्रवासियों को राहत पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे गरीब कल्याण अन्न योजना के तह
जेएनएन, बदायूं : प्रवासियों को राहत पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त खाद्यान्न वितरण किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आए प्रवासी श्रमिकों और कामगारों को गेहूं, चावल के साथ चना का भी दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रवासियों के राशन कार्ड बनवाने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली में गरीबों को सस्ता राशन पहले से मुहैया कराया जा रहा है। लॉकडाउन के बीच दूसरे प्रदेशों से हजारों की संख्या में प्रवासियों की घर वापसी पर उनके सामने दो वक्त की रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। केंद्र सरकार ने फौरी तौर पर राहत दिलाने के लिए प्रवासी मजदूरों के अस्थायी राशन कार्ड बनवाकर मुफ्त में खाद्यान्न मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की है। इसी क्रम में जिले में सामान्य राशन कार्डधारकों को मुफ्त खाद्यान्न मुहैया कराया जा रहा है। प्रवासियों के अस्थायी राशन कार्ड बनाकर एक यूनिट पर तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल और प्रति परिवार को एक किलो चना मुफ्त वितरित किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने शहर के दुकानों का निरीक्षण किया। पर्यवेक्षण अधिकारियों की निगरानी में राशन वितरण होता मिला। उन्होंने बताया कि प्रवासियों के राशन कार्ड बनाने के लिए तहसील स्तर पर अभी भी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 2800 प्रवासियों के राशन कार्ड बनवाकर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। अन्य प्रवासियों के भी राशन कार्ड बनाकर खाद्यान्न मुहैया कराया जाएगा।