देर रात तक चुनाव में लिए गए वाहन अवमुक्त किए
चुनाव में अनुबंधित किए वाहन मंगलवार की देर रात रिलीज कर दिए गए।
बदायूं : लोकसभा चुनाव में लगाए गए वाहनों को अवमुक्त कर दिया गया है। जिले की छह विधानसभा में 542 वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। जाम से राहत दिलाने के लिए बाइपास पर टेंट लगाया गया। एआरटीओ प्रशासन एनसी शर्मा ने खुद देर रात तक मौजूद रहकर वाहन अवमुक्त किए। चुनाव में पीठासीन अधिकारी, मतदान कार्मिक, पुलिस फोर्स को लेकर जाने के लिए अभियान चलाकर वाहनों को अधिग्रहित किया गया था। चौराहों पर वाहनों को रोककर वाहन के पेपर जमा किए थे। निर्धारित समय पर वाहन मंडी समिति व हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज पहुंचकर कार्मिकों को लेकर गए। चुनाव समाप्त होने के बाद वापसी में जाम की स्थिति न बने इसके लिए एआरटीओ कार्यालय के पास बाइपास पर टेंट लगाया गया। वाहन चालकों को इस बात की जानकारी दी गई तो वह शहर में जाम का कारण बनने की बजाय बाइपास पर ही पहुंच गए। परिवहन विभाग की ओर से जारी किए गए पेपर जमा किए और वाहन के कागज वापस प्राप्त किए। एआरटीओ ने कर्मचारियों के साथ रात भर बैठकर व्यवस्था देखी।