कोहरे का कहर जारी, ओस की बारिश में भीगी सड़कें
मौसम ने एक बार फिर से पलटा खाया। रविवार की सुबह कोहरे की चादर से ढंकी रही। लोग दिन निकलने के बाद भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर चले। वहीं पूरी रात ओस की बूंदे ऐसे टपकी जैसे कि हल्की बारिश हो रही हो। इससे सुबह सभी सड़कें भीगी रही।
जेएनएन, बदायूं : मौसम ने एक बार फिर से पलटा खाया। रविवार की सुबह कोहरे की चादर से ढंकी रही। लोग दिन निकलने के बाद भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर चले। वहीं, पूरी रात ओस की बूंदे ऐसे टपकी, जैसे कि हल्की बारिश हो रही हो। इससे सुबह सभी सड़कें भीगी रही। सर्द हवाओं के चलने और सूर्यदेव शाम के समय तक आसमान में छिपे रहने से गलन बढ़ी। रविवार को न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में शनिवार देर रात से ही कोहरा छाया रहा। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। नवादा चौराहा, भामाशाह चौक आदि बड़े चौराहों पर वाहनों चालकों को खासी दिक्कत हुई। सामने वाला वाहन न दिखने से कई बार अचानक से ब्रेक लगाने पड़े। कोहरा सुबह भी रहा, जिससे दिन निकलने पर भी वाहन चालक हेड लाइट जलाकर चले। रात से कोहरा छाने के साथ ओस टपकती रही। रविवार सुबह के समय लगा जैसे रात के समय बारिश हुई हो। सड़कें पूरी तरह से भींगी थीं। हल्की हवाओं की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सर्दी से राहत पाने को लोगों को जगह-जगह अलाव जलाना पड़ा। नगर पालिका की ओर से मुख्य स्थानों पर लकड़ी रखवाई गई तो अन्य जगहों पर लोगों ने आसपास से सामान एकत्रित करके जलाया। दुकानदार अंगीठी जलाकर सर्दी से बचाव करते दिखाई दिए। गलन और ठिठुरन फिर बढ़ गई है। मौसम के जानकारों के अनुसार हाल फिलहाल में शीतलहर से राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।