सांसद संघमित्रा के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले पर मुकदमा
जेएनएन बदायूं सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्या के खिलाफ फेसबुक आइडी पर अशोभनीय टिप्पणी करने
जेएनएन, बदायूं : सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्या के खिलाफ फेसबुक आइडी पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। तीन दिन पहले अनिरुद्ध शर्मा नामक युवक ने अपनी फेसबुक आइडी से सांसद संघमित्रा मौर्या के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी। उसने अपनी फेसबुक आइडी से टिप्पणी करते हुए पोस्ट शेयर कर दी। उस पोस्ट पर तमाम कमेंट आए तो सांसद समर्थकों तक बात पहुंच गई। पोस्ट करने वाले ने कमेंट में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ भी अशोभनीय टिप्पणी की। सांसद समर्थक सचिन मौर्या ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए फेसबुक यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने फेसबुक पर शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीन शार्ट लेने के बाद मंगलवार को देर रात आरोपित अनिरुद्ध शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता ठिकाना नहीं पता चला। इस संबंध में सदर कोतवाल ओमकार सिंह का कहना है कि फेसबुक यूजर ने सांसद संघमित्रा मौर्या के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। आरोपित को जल्द ही जेल भेजा जाएगा।