यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से युवक की जान गई, सैकड़ों बीमार
जिले में बुखार का प्रकोप थमता नजर आ रहा है। सोमवार शाम को भी एक युवक की जान चली गई।

बदायूं : जिले में बुखार का प्रकोप थमता नजर आ रहा है। रविवार रात से लेकर सोमवार शाम तक जिले में बुखार से एक युवक की मौत की सूचना है। हालांकि बुखार प्रभावित गांवों में अभी भी सैकड़ों लोग बीमार हैं। साथ ही जिला अस्पताल भी पूरी तरह फुल है लेकिन एक पखवाड़े बाद ऐसे हालात बने कि बुखार से मरने वालों की संख्या थमने के कगार पर पहुंची है। इससे स्वास्थ्य महकमे के अफसरों समेत लखनऊ से आई टीम ने राहत की सांस ली है।
संसू, सिलहरी : समरेर ब्लाक क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी रियाज का 20 साल का बेटा इजराइल चार दिन से बुखार की चपेट में था। परिजन निजी डॉक्टर से उसका इलाज करा रहे थे लेकिन कोई राहत नहीं मिली। जबकि सोमवार दोपहर इजराइल की मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और इजराइल की केस स्टडी करने के साथ ही गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव कराकर अन्य बीमारों को दवा बांटी।
