यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार ने 15 और लोगों को निगला
जिले में बेकाबू बुखार कहर बरपा रहा है। 24 घंटे में 15 लोगों को निगल गया।

सिलहरी (बदायूं) : जिले में बेकाबू बुखार कहर बरपा रहा है। 24 घंटे में 15 लोगों को निगल गया। इसमें बच्चों संग बुजुर्ग भी शामिल हैं। वहीं स्वास्थ्य महकमे की टीम इन गांवों में नहीं पहुंची। जबकि सैकड़ों मरीज बुखार से छटपटा रहे हैं।
जगत ब्लाक के गांव दौरी नरोत्तमपुर का मजरा हाजीपुर में बुखार ने और पैर पसार लिए हैं। गांव के 60 वर्षीय घासीराम, 55 वर्षीय बिहारीलाल और 50 वर्षीय हरि ¨सह के अलावा मूसाझाग के 50 वर्षीय सुखपाल, गांव जैगुआसई की प्रियंका, मौजमपुर निवासी नेत्रपाल की 10 वर्षीय पुत्री अहिल्याबाई समेत गांव परसुरा निवासी प्रमोद की 8 वर्षीय पुत्री रूचि की शुक्रवार रात मौत हुई है। ये सभी बुखार से पीड़ित थे। जबकि ब्लॉक सलारपुर क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी मनोज 25 इसी गांव के प्रदीप का एक वर्षीय पुत्र सोनू के अलावा जगतपाल की मौत बुखार से हो गई। संसू, उझानी : गांव गठौना निवासी 16 वर्षीय धारा ¨सह पुत्र ओमप्रकाश को तेज बुखार आ रहा था, शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह करीब पांच बजे इसी गांव निवासी आशीष कुमार की एक वर्षीय पुत्री अन्नया को भी बुखार निगल गया। वहीं चिकित्साधीक्षक डॉ. निरंजन कुमार को लोगों ने सूचना देना चाही लेकिन उनका मोबाइल नहीं लगा। इन इलाकों में सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। सिलहरी : इनके अलावा सलारपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव आलमगंज निवासी किशन का पांच साल का बेटा उदित, जगत ब्लाक के रहमा गांव निवासी 50 वर्षीय मुख्तया हुसैन व सोहिल की भी बुखार से मौत हुई है।
अब पांच की जगह तीन दिन की दवा
राजकीय मेडिकल कालेज में भी बुखार से ग्रसित सैकड़ों मरीज रोज आ रहे हैं। अभी तक मरीजों को ओपीडी के डॉक्टर पांच दिन की दवा देते थे, जबकि किल्लत देखते हुए तीन दिन की दवा लिखी जा रही है। दवा की खेप आने तक फिलहाल यही व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
