किसान आंदोलन कांग्रेस का षड्यंत्र : लक्ष्मीनारायण चौधरी
पशुधन मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को कांग्रेस का षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। नवचयनित शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा
जेएनएन, बदायूं : पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को कांग्रेस का षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। नवचयनित शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर कृषि कानून किसानों के हित में न होते तो अन्य प्रदेशों के किसान भी विरोध में होते। विपक्षियों ने केंद्र सरकार को बदनाम करने के लिए यह षड्यंत्र रचा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को चार से पांच हजार करोड़ रुपये आढ़तों से टैक्स के माध्यम से प्राप्त होता है। नए कानून से किसान से सीधे खरीद होने लगेगी तो बड़े आढ़तियों का हित प्रभावित होगा। सरकार किसानों को यह समझाने की पूरी कोशिश कर रही है कि नए कानून से उनका फायदा ही है, इसमें किसी तरह का किसान का कोई नुकसान नहीं है।
मिशन शक्ति शुरू होने के बाद प्रियंका वाड्रा ने कहा था कि अभियान के बाद महिलाओं पर उत्पीड़न और बढ़ गए हैं, इस सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह नौसिखिया राजनीति की पहचान है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में योगी सरकार ने कानूनी अड़चनों को दूर कराते हुए 69 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। पुलिस भर्ती एवं अन्य विभागों में भर्ती के माध्यम से रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। कोरोना काल में प्रदेश में 40-45 लाख लोग आए थे। आज सभी के लिए रोजगार की व्यवस्था की जा रही है।