कांग्रेस की जिला कमेटी भंग, नए जिलाध्यक्ष की तलाश
कांग्रेस की जिला कमेटी को भंग कर दिया गया।
बदायूं : लोकसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस ने अब संगठनात्मक ढांचा मजबूत बनाने की कवायद शुरू कर दी है। जिला कमेटी भंग कर दी गई। अब नए जिलाध्यक्ष की तलाश की जा रही है। पार्टी के जिम्मेदारों का कहना है कि सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही पदाधिकारी बनाया जाएगा, निष्क्रिय पदाधिकारियों को कमेटी से बाहर किया जाएगा।
जिले में कांग्रेस अपना खोया वजूद हासिल करने के लिए पहले से अधिक संघर्ष कर रही है लेकिन लोकसभा चुनाव में तगड़ी हार का सामना करना पड़ा। लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी होने के कारण कांग्रेस की फजीहत कुछ ज्यादा हुई है। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर मंथन के बाद अब संगठन को नए सिरे से और मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कड़ी में जिला कमेटी को भंग कर दिया गया है। प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह ने बताया कि संगठन से ही पार्टी की दशा और दिशा तय होती है। इसलिए जिला कमेटी से लेकर बूथ कमेटी तक संगठन को मजबूत बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि संगठन में उदासीन एवं निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पद नहीं दिया जाएगा। पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसमें आम कार्यकर्ताओं की सहमति लेकर ही संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप