सजने लगा गंगा घाट, आरती का आज से अभ्यास
तीर्थ नगरी कछला गंगा घाट का हुलिया बदलने लगा है। घाट पर सजावट की जा रही है।
कछला (बदायूं) : तीर्थ नगरी कछला गंगा घाट का हुलिया बदलने लगा है। घाट पर सजावट की जा रही है। काशी की तरह 15 जनवरी से यहां गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक आरके शर्मा, डीएम दिनेश कुमार ¨सह ने यहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया। बनारस से आए एक्सपर्ट यहां पहले से ही गुरुकुल के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। शुक्रवार को यहां अभ्यास कराया जाएगा।
गंगा स्नान के लिए यहां श्रद्धालु नियमित आते हैं। सामाजिक संगठनों के साथ जिला प्रशासन ने यहां नियमित आरती कराने की पहल की है। आरती के लिए तीन महीने तक बु¨कग भी खोल दी गई है। आर्थिक तंगी बाधक न बनने पाए, इसके लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से आरती के साजो-सामान की भी स्थायी व्यवस्था कराई गई है। दिल्ली से मंगाए गए स्पेशल कृत्रिम फूलों से घाट की सजावट शुरू हो गई है। पुल पर भी लाइटें लगवाई जा रही हैं। मकर संक्रांति पर शाम 5.30 बजे शुरू होने वाली आरती में जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। श्रद्धालुओं के लिए होगा खिचड़ी भोज
मकर संक्रांति पर गंगा स्नान के लिए कछला पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी भोज का भी आयोजन किया जाएगा। दोपहर तक खिचड़ी का कार्यक्रम होगा। साधु-संतों के कार्यक्रम भी होंगे। इसके बाद शाम को गंगा आरती का यह अछ्वुत नजारा कछला पुल से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मन में रोमांच भर देगा।
आरती के दौरान लगेंगे ड्रोन कैमरे
आयोजन समिति ने कछला गंगा घाट पर शुरू होने वाली आरती के दौरान ड्रोन कैमरे भी लगाए जाएंगे। वाहन पार्किंग की अलग व्यवस्था कराई गई है। घाट पर उतरने के लिए पूर्ण हो चुकी सीढि़यों एवं सड़क का जन प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने निरीक्षण किया। आरती स्थल को विशेष रूप देने के लिए पंडाल सजने लगी है। विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी हैं। डीएम ने कछला नगर पालिका अध्यक्ष नरेश यादव को निर्देश दिए कि नगर पालिका में उच्च स्तर की रंगाई-पुताई एवं साफ-सफाई कराकर स्वच्छ बनाया जाए।