लेखपाल के पुत्र की सड़क हादसे में मौत
यहां सड़क हादसे में लेखपाल के बेटे की मौत हो गई।
उझानी : आगरा-बरेली हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गुरुवार की रात एक युवक की मौत हो गई। होली के दिन हुई इस घटना से पूरे परिवार की खुशियां काफूर हो गईं। रात में ही पोस्टमार्टम कराकर परिजन शव अपने साथ ले गए। शुक्रवार दोपहर तक परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
कस्बा के मुहल्ला गौतमपुरी निवासी कुशलपाल सिंह लेखपाल हैं। उनका 26 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह गुरुवार देर शाम घर से बाइक लेकर बदायूं की ओर आ रहा था। रास्ते में भगवान ढाबा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां इलाज के दौरान अरुण ने दम तोड़ दिया। डीएम की अनुमति के बाद रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दुर्घटनाओं में कई घायल
गुरुवार को पूरे दिन विभिन्न इलाकों में हुए सड़क हादसों में दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। जहां बिल्सी के शहजादनगर गांव निवासी गेंदनलाल (50) बाइक फिसलने से घायल हुए। वहीं दातागंज इलाके के गांव रायपुर धीरपुर निवासी प्रदीप व मंजू भी घायल हुई हैं। इनके अलावा सिविल लाइंस के पड़ौलिया गांव के हसीन मियां भी बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए हैं। दो युवक बाइक फिसलने से घायल होने के बाद शहर के मम्मन चौक पर पड़े मिले। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दूसरे दिन तक उन्हें होश नहीं आ सका था।