गंगा में डूबी किशोरी का शव बरामद
कांस काटने समय गंगा में डूबी दो सगी बहनों में से छोटी बहन का शव भी मंगलवार को बरामद हुआ। बड़ी बहन का शव सोमवार को ही मिल गया था। एक ही परिवार में दो बहनों की मौत से उनके परिवार के साथ गांव में भी मातम छाया हुआ है।
जेएनएन, सहसवान : कांस काटने समय गंगा में डूबी दो सगी बहनों में से छोटी बहन का शव भी मंगलवार को बरामद हुआ। बड़ी बहन का शव सोमवार को ही मिल गया था। एक ही परिवार में दो बहनों की मौत से उनके परिवार के साथ गांव में भी मातम छाया हुआ है।
गांव जमालपुर पीयरी के 10 ग्रामीण गांव भज्जी की मढैया के पास गंगा किनारे कांस काटने गए थे। दोपहर 12 बजे कांस काटने के दौरान मिट्टी ढहने से छह लोग गंगा नदी में जा गिरे। चीख-पुकार पर आस-पास मौजूद ग्रामीण दौड़े। चार लोगों को गंगा से बाहर निकाला। लेकिन, प्रेमसिंह की 17 वर्षीय बेटी ममता और 14 वर्षीय वीरमाला गहरे पानी में डूब गईं। तीन घंटे की तलाश के बाद ममता का शव मिल गया था, लेकिन वीरमाला का देरशाम तक पता नहीं चल सका। सूचना पर तहसीलदार दीपक चौधरी, सीओ रामकरन सरोज, कोतवाल राजीव शर्मा भी पुलिस व राजस्व कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने फिर से गंगा में किशोरी के शव की तलाश शुरू की। सुबह नौ बजे घटनास्थल से एक किमी दूर पूरब दिशा में किशोरी का शव एक टापू के पास बरामद हुआ।
वर्जन ::
कांस काटते समय हुए हादसे में नदी में डूबकर दो बहनों की मौत की दुखद घटना हुई है। पीड़ित परिवार को जो भी संभव होगा मदद दिलाई जाएगी।
- कुमार प्रशांत, जिलाधिकारी