विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक्सप्रेस-वे मिला, HPCL प्लांट लगा... फिर भी दातागंज में क्यों अधूरे हैं 'बब्बू भैया' के ये 4 बड़े वादे?

Published: Sat, 29 Aug 2026 02:56 PM (IST)

Uttar Pradesh MLA Report Card: दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह 'बब्बू भैया' के चार साल के कार्यकाल में गंगा एक्सप्रेस-वे ...और पढ़ें

राजीव कुमार सिंंह

राजीव कुमार सिंंह

HighLights

  1. गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज, एचपीसीएल प्लांट समेत कई बड़ी परियोजनाओं से बदली क्षेत्र की पहचान

  2. स्टेडियम, चीनी मिल, बाईपास और रोजगार जैसे वादे अब भी अधूरे, स्वास्थ्य सेवाओं पर काम बाकी

गौरव गुप्ता, दातागंज (बदायूं)। कटरी क्षेत्र के रूप में वर्षों तक पिछड़ेपन की पहचान रखने वाली दातागंज विधानसभा में पिछले चार वर्षों के दौरान विकास की रफ्तार जरूर बढ़ी है। दूसरी बार विधायक बने राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया के कार्यकाल में क्षेत्र को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिली, जिससे दातागंज जिले के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होने लगा है। हालांकि विकास की इस तस्वीर के साथ कुछ ऐसे वादे भी हैं, जिनके पूरे होने का इंतजार आज भी लोगों को है।

चार वर्षों में गंगा एक्सप्रेस-वे पर डहरपुर-बिहारीपुर इंटरचेंज, एचपीसीएल सीवीजी प्लांट, अवंतीबाई महिला पीएसी बटालियन, कृषि विज्ञान केंद्र, राजकीय महाविद्यालय, आईटीआई, जीटीआई कॉलेज, दो सोलर एनर्जी प्लांट, विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य हुए। गांवों में सीसी रोड, पुल-पुलिया, बारातघर और गौशालाओं का निर्माण भी कराया गया।

विधायक का दावा है कि विधानसभा क्षेत्र में कई 20 अरब रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। इसके बावजूद कई प्रमुख चुनावी वादे अब भी अधूरे हैं। दातागंज में स्टेडियम का निर्माण शुरू नहीं हो सका। चीनी मिल की स्थापना का सपना भी अभी साकार नहीं हुआ है। नगर के बढ़ते ट्रैफिक के बावजूद बाईपास का निर्माण कागजों से आगे नहीं बढ़ पाया।

गंगा एक्सप्रेस-वे के साथ प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे को स्वीकृति मिलने के बावजूद उद्योग स्थापित नहीं हो सके हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर अभी तक नहीं बन पाए हैं। विकास कार्यों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं भी लोगों की चिंता का विषय बनी हुई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की कमी, दवाओं का अभाव और मशीनों के खराब रहने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

वहीं नगर में भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या भी गहराई है। कुल मिलाकर चार वर्षों में दातागंज की पहचान एक पिछड़े कटरी क्षेत्र से निकलकर विकासशील विधानसभा क्षेत्र के रूप में बनी है, लेकिन अधूरे वादे और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बताती हैं कि विकास की यात्रा अभी पूरी नहीं हुई है। 

जनता के विश्‍वास ने दिया सेवा का अवसर : राजीव कुमार सिंह

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया ने कहा कि जनता के विश्वास ने उन्हें क्षेत्र की सेवा का अवसर दिया है और उसी विश्वास को निभाने का प्रयास किया है।

उन्होंने बताया कि एचपीसीएलसीवीजी प्लांट, गंगा एक्सप्रेस-वे पर इंटरचेंज, अवंतीबाई महिला पीएसी बटालियन, कृषि विज्ञान केंद्र, राजकीय महाविद्यालय, आईटीआई, विद्युत उपकेंद्र, सोलर प्लांट, सड़कों, पुलों और पेयजल योजनाओं जैसे अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।

धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और गांवों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि दातागंज में बाईपास, स्टेडियम, औद्योगिक गलियारे में उद्योगों की स्थापना और अन्य बड़ी परियोजनाओं पर लगातार प्रयास जारी हैं।

उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में दातागंज को प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनाना उनका लक्ष्य है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी।

जनता कर रही है विकास का आकलन : कैप्टन अर्जुन सिंह

समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन अर्जुन सिंह का कहना है कि विकास का आकलन जनता कर रही है। उनका कहना है कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब भी अधूरी हैं और कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याएं तथा आवारा गोवंश का मुद्दा जस का तस बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय शुरू हुआ मुढ़ा पुल आज तक पूरा नहीं हो सका, जबकि इस परियोजना को राजनीति से ऊपर उठकर पूरा कराया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि केवल घोषणाओं से विकास नहीं होता, बल्कि अधूरी योजनाओं को पूरा करना भी उतना ही जरूरी है।

यह भी पढ़ें- स्मार्ट सिटी शाहजहांपुर: 9 बार के विधायक मंत्री सुरेश खन्ना के गढ़ का सच, विकास के दावों के बीच क्यों रो रही हैं सड़कें?