आओ मां, घर-घर सज गए आपके दरबार
नवरात्र को लेकर घर-घर मां के दरबार सज गए। साथ ही मंदिरों में विशेष सफाई की गई।
बदायूं : नवसंवत्सर की शुरूआत के साथ ही नवरात्र का उत्साह लोगों में दिखाई देने लगा है। जिला मुख्यालय समेत देहात क्षेत्रों में भी स्थित देवी मंदिरों में साफ सफाई और रंगाई पुताई के साथ तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं। मंदिरों में सजावट के साथ ही रोशनी भी की गई है। मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से सुरक्षा बंदोबस्त किए जा रहे हैं ताकि उत्साहपूर्वक मनाए जाने वाले नवरात्र पर्व पर कोई अड़चन न आने पाए।
शहर में नवरात्र पर्व के अवसर पर सबसे प्रमुख मंदिर नगला मंदिर में सबसे अधिक देवी भक्तों की भीड़ उमड़ती है। चैत्र नवरात्र के दिनों में आने वाले इन नवरात्र पर बिरुआवाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर, दुर्गा देवी मंदिर समेत ग्रामीण अंचलों में भी दुर्गा जागरण व विशेष पूजा अनुष्ठान किए जाते हैं। नगला मंदिर के पास से ही बरेली बदायूं हाइवे गुजर रहा है, लिहाजा यहां पर गति नियंत्रित करके ही वाहन चलाने के निर्देश वाहन चालकों को दिए गए हैं। वहीं देर शाम गुरुवार को देवी मंदिरों में साफ सफाई का सिलसिला चलता रहा। गुरुवार की शाम लोगों ने मां की चुनरी और अर्पित किया जाने वाला प्रसाद व कलश स्थापना के लिए जरूरी चीजें बाजार से खरीदीं। पूजन सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ दुकानों पर देखी गई। शुक्रवार से नौ दिन तक दैवीय शक्ति मां की पूजा अर्चना की जाएगी। मंदिरों में श्रदालुओं के लिए पूजा अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शुक्रवार देर रात तक मंदिरों में स्थापित देवी देवताओं की मूर्तियों को गंगा जल से स्नान कराने के बाद नई चुनरी से श्रंगार किया गया है। नगला मंदिर में होगा कन्या पूजन
नगला मंदिर के पुजारी मोनू पंडित ने बताया कि मंदिर में सुबह आरती साढ़े तीन बजे होगी। इसके बाद कन्या पूजन होगा। एक बजे मंदिर के कपाट बंद होगें । साढे़ तीन बजे श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए जाएंगे। रात्रि में माता रानी का श्रंगार होगा। फलों के दामों में बढ़ोतरी
नवरात्र पर्व आते ही फलों के मूल्यों में बढोत्तरी हो गई है। जो संतरा दो दिन पूर्व चालीस रूपये किलो में बिक रहा था, वो अब पचास रूपये किलो हो गया है। केला, सेब अंगूर और अनार आदि के भी भाव एकाएक चढ़ गए हैं। फल आज का दाम दो दिन पूर्व के दाम
संतर- 50 40
केला- 40 30
सेब- 120 100
अंगूर- 80 60
अनार- 100 100
------------------
नोट- अनार के मूल्य में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।