Budaun News: घरेलू कलह में दंपति ने खाया जहर, पत्नी की मौत, पति गंभीर... परिजनों में मचा कोहराम
Budaun News दंपति के बीच विवाद के बाद पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना मायके पक्ष को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पत्नी की मृत्यु से परेशान पति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
जागरण संवाददाता, बदायूं : दंपति के बीच हो रहे विवाद के बाद पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना मायके पक्ष को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए और पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पत्नी की मृत्यु से परेशान पति ने हंगामा होते देखा तो उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर स्वजन व पुलिस को जानकारी हुई तो वह उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक उसकी जान बचाने के प्रयास में लगे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बनगवां का मंगलवार दोपहर बाद का है। गांव निवासी घनश्याम मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। मंगलवार को वह मजदूरी पर नहीं गया था। इसके चलते घर पर था। दोपहर बाद घनश्याम का अपनी पत्नी हरदेवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। घनश्याम ने पत्नी को फटकार दिया तो उसने गुस्से में आकर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर घनश्याम व उसके स्वजन को जानकारी हुई तो वह उसे लेकर बदायूं के निजी अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक हरदेवी की मृत्यु हो चुकी थी। इस पर स्वजन शव घर ले आए। सूचना हरदेवी के मायके पक्ष को दी गई तो वह कुछ ही देर में गांव पहुंच गए। हरदेवी के मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए हत्या का आरोप लगाया। यह देख कर घनश्याम परेशान हो गया और उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो स्वजन को पता चला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घनश्याम को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी पर नायब तहसील श्रवण कुमार भी गांव पहुंच गए। पति पत्नी दोनों के जहरीला पदार्थ खाने और हरदेवी की मृत्यु के बाद से स्वजन में कोहराम मचा है।
प्रभारी निरीक्षक कुंवरगांव सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पति पत्नी ने विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया था। मामले की जांच की जा रही है। पति की तबियत में सुधार होने पर उसके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।