दोस्तों संग गंगा नहाने गया युवक डूबा, मौत
दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया युवक गहरे पानी में चले जाने डूब गया।
जेएनएन, दहगवां (बदायूं) : दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया युवक गहरे पानी में चले जाने डूब गया। जिसका शव दो घंटे बाद गंगा में उतराता मिला। युवक की मौत पर परिवार का माहौल गमगीन है।
घटना रविवार सुबह की है। ब्लॉक दहगवां के गांव नदायल निवासी बासित अली का पुत्र अरमान सुबह दस बजे अपने दोस्तों के साथ गंगा नहाने चल दिया। नदायल से निकलने पर सभी दोस्तों ने अपनी बाइकें बैरपुर मानपुर होते हुए गंगा घाट की तरफ निकाल दीं। गंगा घाट की दूरी नदायल से महज आठ किमी है। गंगा में उतरकर सभी नहाने लगे, नदी में पानी बढ़ जाने से गहराई का अंदाजा नहीं था। कुछ ही देर में अरमान गंगा में गहरे पानी में डूब गया। उसके दोस्तों ने जल में काफी देर तक हाथ पैर मारे, लेकिन कुछ हाथ न लगा। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। रोते बिलखते परिजन भी घाट पर पहुंच गए, लेकिन अरमान का कोई पता न चल पा रहा था। परिजनों ने अरमान की तलाश जारी रखी और लगभग दो घंटे बाद अरमान का शव भज्जी की मढैय्या के पास पानी में उतराता मिला। शव को लेकर परिजन घर आ गए। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया। अरमान तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था।