क्रय केंद्र पर धान तौल न पर भाकियू का हंगामा
नगर के सरकारी क्रय केंद्र पर शुक्रवार को धान की तौल न होने से खफा भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। एक घंटे तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। तहसीलदार दीपक चौधरी और सीओ विनय चौहान ने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर किसानों को शांत कराया।
जेएनएन, बिसौली (बदायूं): नगर के सरकारी क्रय केंद्र पर शुक्रवार को धान की तौल न होने से खफा भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। एक घंटे तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। तहसीलदार दीपक चौधरी और सीओ विनय चौहान ने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर किसानों को शांत कराया।
नगर की मंडी समिति में सरकारी धान क्रय केंद्र खोला है। शुक्रवार को किसानों का धान न तौले जाने की जानकारी पर भाकियू के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारी केंद्र पर पहुंचे। वहां हंगामा काटकर धरने पर बैठ गए। धरने की जानकारी पर तहसीलदार सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे। किसान नेताओं ने केंद्र पर बिचौलियों के हावी होने का आरोप लगाया। वहीं, किसानों के लिए केंद्र पर पेयजल और बैठने की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। तहसीलदार ने पूरी व्यवस्था शीघ्र ही चाकचौबंद होने का आश्वासन दिया। तब जाकर भाकियू का धरना खत्म हुआ। धरना देने वालों में रामचंद्र, राजवीर सिंह, श्रीपाल सिंह, राधेश्याम सिंह, जगवीर सिंह, नरेशचंद्र आदि भाकियू पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।