लोस के भाजपा प्रत्याशी डॉ.संघमित्रा ने हलफनामे में छिपाई शादी की बात
बदायूं से भाजपा की प्रत्याशी संघमित्रा ने अपने हलफनामे में शादी की बात छिपाई।
बदायूं : लोकसभा चुनाव में बदायूं से भाजपा प्रत्याशी डॉ.संघमित्रा मौर्या के नामांकन के दौरान पेश किए गए हलफनामे पर सवाल उठने लगे हैं। कहा जा रहा है कि हलफनामे में उन्होंने शादी की बात छिपाई है। यह बात वायरल होने से सियासी गलियारों में खलबली है। इससे पहले मैनपुरी से चुनाव लड़ते वक्त उन्होंने अपने हलफनामे में अपने पति डॉ. नवल किशोर के नाम का उल्लेख किया था।
जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की पुत्री डा. संघमित्रा मौर्या को भाजपा ने बदायूं लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। मंगलवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया तो संपत्ति, आपराधिक मामले, असलहा, वाहन, जेवरात सभी का बिदुवार जिक्र किया है। लेकिन पति के नाम का जिक्र नहीं किया। कॉलम में उन्होंने अपने पिता का नाम दर्ज किया। बुधवार को यह बात वायरल हुई तो सभी हैरत में पड़ गए। मैनपुरी से 2014 में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने अपने हलफनामे में अपने पति डा. नवल किशोर निवासी सुनहरा पोस्ट भुजपुरा जिला कासगंज दर्ज किया था। बताया जाता है कि कुछ समय से उनके और पति के बीच संबंध सही न होने की वजह से वह उनसे अलग रह रही हैं। चर्चाएं तो यहां तक भी हैं कि उनके पति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी हैं और वह सपा में हैं।
इस बाबत भाजपा प्रत्याशी डॉ.संघमित्रा मौर्या को फोन किया गया तो उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का जमाना चल रहा है और ऊपर से चुनाव हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह सब प्रचारित किया जा रहा है। मैंने कुछ भी नहीं छिपाया है। जिससे मेरी पहचान है मैंने वह हलफनामे में दिया है।