विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं के बीबीपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला, पूर्व प्रधान ने तोड़ा गाड़ी का शीशा

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:39 PM (IST)

बदायूं के बीबीपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर पूर्व प्रधान और उसके साथियों ने हमला कर दिया, जिसमें गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. स्वास्थ्य टीम पर बीबीपुर में पूर्व प्रधान ने हमला किया।

  2. गाड़ी का शीशा तोड़ा, डेंगू रिपोर्ट पर विवाद हुआ।

  3. पुलिस में शिकायत दर्ज, जांच की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, बदायूं। जगत ब्लाक के गांव बीबीपुर में शनिवार को स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला हो गया। आरोप है कि पूर्व प्रधान और उनके साथियों ने गाड़ी रोक ली। उसका शीशा तोड़ दिया और टीम में शामिल कर्मचारियों से अभद्रता की।

स्वास्थ्य केंद्र जगत पर तैनात वाहन चालक नीरज यादव पुत्र महिपाल निवासी भसराला का कहना है कि शनिवार को टीम स्वास्थ्य परीक्षण करके लौट रही थी। तभी पूर्व प्रधान और उनके भाई व साथियों ने गाड़ी को घेर लिया, गालीगलौज की। जांच रिपोर्ट नहीं देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और आग लगाने की धमकी दी।

गाड़ी में महिला डाक्टर व कर्मचारी मौजूद थे, जो घबरा गए। एमओआइसी डा. असलम ने बताया कि विवाद ओआरएस पैकेट और डेंगू रिपोर्ट को लेकर हुआ। टीम ने कहा कि डेंगू की पुष्टि लैब रिपोर्ट से होती है, सैंपल मुख्यालय भेजे जा रहे हैं। इसी बात को लेकर अभद्रता की गई। गाड़ी चालक ने मूसाझाग पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बीबीपुर में छह डेंगू पाजिटिव, हर घर में बुखार

गांव बीबीपुर में चौथे दिन दो डाक्टरों की टीमों ने कैंप लगाकर दवाएं बांटी। पहली टीम की ओपीडी में 68 मरीज देखे गए, जिनमें 45 बुखार के थे। जांच में छह मरीज डेंगू पाजिटिव मिले। दूसरी टीम ने 19 बुखार के मरीज देखे, जिनमें कोई पाजिटिव नहीं मिला। गांव में हर घर में बुखार का प्रकोप बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सफाई और दवा का छिड़काव होता तो हालात इतने गंभीर न होते। गांव में सफाई अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया और पाजिटिव परिवारों को मच्छरदानी बांटी गई। टीम में डा. दयमंती पटेल, डा. वीरेंद्र कुमार और डा. रवि जोशी शामिल रहे।