बरेली-आगरा फोरलेन में 'काल' की ठोकरों पर जिम्मेंदार मौन
बरेली से आगरा तक जोड़ने वाले राजमार्ग में बदायूं जिले की सीमा में ही दो पुलिया हादसे का सबब बनी हैं।
बदायूं : बरेली से आगरा तक जोड़ने वाले राजमार्ग में बदायूं जिले की सीमा में ही दो पुलिया हादसे का सबब बन रही हैं। इन पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं, इसकी तमाम शिकायतें भी हुई, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर रुख नहीं किया। अब यह पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत है जिसकी जानकारी सभी को है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस लापरवाही की वजह से किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
बरेली से आगरा तक राह आसान करने के लिए फोरलेन मंजूर किया गया था। करीब तीन साल से फोरलेन का काम चल रहा है और बरेली से बदायूं तक काम भी पूरा हो चुका है। बाकी कार्य भी युद्ध स्तर तक चलाया जा रहा है। रसूलपुर, करूआ पुल पर अभी भी पुरानी पुलिया बनी हुई है जिनका चौड़ीकरण नहीं किया गया है। चौड़ीकरण न होने की वजह से फर्राटा भरने वाले वाहन वहीं पर जाकर अपना संतुलन खो बैठते हैं। अब तक तमाम हादसे पुलिया का चौड़ीकरण न होने की वजह से हुए हैं। इधर, सीडीओ निशा अनंत ने बताया कि इस बारे में उनको जानकारी नहीं है, जानकारी कर समस्या का समाधान जल्द ही कराया जाएगा।