विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सुजाता आखिरी सांस तक लड़ती रही, लेकिन कोई नहीं आया...' बदायूं में पति ने दुपट्टे से घोंटा गला, दहला देगी वजह

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:39 PM (IST)

बदायूं के मीरा सराय में एक पति ने अपनी पत्नी सुजाता का दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पड़ोसियों ...और पढ़ें

सुजाता का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

सुजाता का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन

HighLights

  1. नाखूनों से छुड़ाने की कोशिश, बेड के पास गिरी और दम तोड़ दिया

जागरण संवाददाता, बदायूं। मीरा सराय इलाके में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता खुद को बचाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ती रही लेकिन कोई भी पड़ोसी उसे बचाने नहीं आया। आखिरकार उसका पति जान लेकर वहां से फरार हो गया। पुलिस और फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि सुजाता ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की।

जब पति जितेंद्र ने उसके ही दुपट्टे से गला घोंटा तो वह जूझती रही। गले पर लगे नाखूनों के निशान बता रहे हैं कि उसने दुपट्टा खींचकर गले से हटाने की कोशिश की। बेड के पास बिखरा सामान और फर्श पर घिसटने के निशान इसकी गवाही दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब आठ बजे बच्चे स्कूल गए। उसके बाद पति-पत्नी में झगड़ा शुरू हुआ। रोज-रोज के झगड़ों से मुहल्ले वाले इतने आदी हो चुके थे कि किसी ने बीच-बचाव के लिए ऊपर जाना जरूरी नहीं समझा।

इसी का फायदा उठाकर जितेंद्र ने दूसरी मंजिल के कमरे में सुजाता का मुंह दबाया और दुपट्टे से गला कस दिया। सुजाता बेड का सहारा लेकर उठने की कोशिश करती रही, लेकिन दम घुटने से वहीं गिर पड़ी।

जब बाद में पड़ोसी ऊपर छत पर पहुंचे तो सुजाता बेड के बगल में मृत पड़ी थी, गले में दुपट्टा कसा था और हाथ गले पर थे। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

दुपट्टे से घोंटा गला, घर से भागने पर मुहल्ले वालों को हुआ शक

मायके वालों का आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जितेंद्र ने घर में सुजाता के साथ जमकर मारपीट की और फिर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद वह हड़बड़ी में घर से बाहर निकला।

बाद में उसके परिवार के लोग भी फरार हो गए। जब मुहल्ले के लोगों ने उन्हें भागते हुए देखा तो उनपर शक हुआ। लोग जब उसके घर पहुंचे तो दरवाजा खुला था और दूसरी मंजिल पर बेड के पास सुजाता का शव पड़ा था।

उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था और उसकी आंखें खुली रह गईं थीं। यह देख मुहल्ले वाले डर गए। उन्होंने तुरंत पुलिस और मायके वालों को सूचना दी।

दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

सुजाता की मृत्यु के बाद उसके दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। घटना के बाद से दोनों बच्चे सहमे हुए हैं। हत्या के दौरान दोनों बच्चे स्कूल में थे। परिवार के लोगों को भेजकर उन्हें घर बुलाया गया। वह अपनी मां का शव देखकर बिलख पड़े।

यह भी पढ़ें- बदायूं में विवाहिता की संदिग्ध मौत: बेड के पास मिला शव, 10 साल पुरानी शादी में विवाद के बाद ससुराल वाले फरार