बदायूं: चकरोड की पैमाइश पक्ष में न होने पर SDM आवास पर हंगामा, दो गिरफ्तार; 4 नामजद समेत अज्ञात पर FIR
बदायूं में चकरोड की पैमाइश अपने पक्ष में न होने से नाराज युवकों ने एसडीएम सदर के आवास पर हंगामा ...और पढ़ें
-1790195444033_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
चकरोड पैमाइश पक्ष में न होने पर SDM आवास पर हंगामा।
होमगार्ड से धक्का-मुक्की, आवास को क्षति पहुंचाने का प्रयास।
दो युवक हिरासत में, चार नामजद समेत अज्ञात पर FIR।
जागरण संवाददाता, बदायूं। चकरोड की नपाई अपने पक्ष में न होने पर शहर के नेकपुर में रहने वाले युवकों ने भीड़ ले जाकर एसडीएम सदर के आवास पर हंगामा किया। वहां मौजूद होमगार्ड व कर्मियों से धक्का मुक्की की।
आवास को क्षति पहुंचाने व मारपीट की कोशिश की गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। इस मामले में होमगार्ड मुन्ना सिंह की तहरीर पर चार नामजद व अज्ञात भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शहर के नेकपुर से सटे गांव में नेकपुर के गली नंबर तीन निवासी शिवम यादव की जमीन है। जमीन के पास से ही चकरोड निकला है। शिवम ने एसडीएम सांईं आश्रित साखमुरी के यहां शिकायत की थी कि उनके पड़ोसी ने चकरोड का चार फुट का हिस्सा अपने में मिला लिया है। मामले की एसडीएम ने जांच कराई तो शिकायत गलत पाई गई। इस पर एसडीएम ने शिकायत को निस्तारित कर दिया। इसी से गुस्साए नेकपुर के गली नंबर तीन निवासी शिवम यादव अपने साथी शिव कुमार, ध्रुव कुमार, मल्लू व बड़ी संख्या में भीड़ लेकर 20 सितंबर की रात को एसडीएम के आवास पर पहुंच गया।
वहां जाकर उन सभी ने हंगामा शुरू कर दिया। वहां मौजूद होमगार्ड मुन्ना सिंह व दिनेश कुामर ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। वह लोग आवास को क्षति पहुंचाने और मारपीट पर उतारू हो गए। इस पर सूचना सिविल लाइंस पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर बितर किया।
पुलिस ने मौके से शिवम व ध्रुव को पकड़ लिया और थाने ले आई। इसके बाद अगले दिन उनका चालान कर दिया।एसडीएम के आवास पर तैनात होमगार्ड मुन्ना सिंह ने शिवम यादव, शिव कुमार, ध्रुव कुमार, मल्लू के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, शांतिभंग और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एसडीएम साईं आश्रित साखमुरी ने बताया कि चकरोड के मामले की शिकायत का अपने पक्ष में निस्तारण न होने पर कुछ लोग भीड़ लेकर आ गए थे। हंगामा और गेट पर तोड़फोड़ करने लगे। पुलिस ने आकर मामला संभाल लिया था। इसी मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
