Badaun News: बैंक मैनेजर के खिलाफ छेड़छाड़ का दर्ज मुकदमा हुआ खत्म, बयान में महिला ने नहीं कही छेड़छाड़ की बात
बदायूं करीब एक पखवाड़े यानी 15 दिन पहले दातागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा म्याऊं की किसान ग्रामीण बैंक शाखा के मैनेजर के खिलाफ एक स्वयं सहायता समूह की महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले को पुलिस ने खत्म कर दिया है।
जागरण संवाददाता, बदायूं : करीब एक पखवाड़े यानी 15 दिन पहले दातागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा म्याऊं की किसान ग्रामीण बैंक शाखा के मैनेजर के खिलाफ एक स्वयं सहायता समूह की महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब 15 दिन बाद ही इस मामले को पुलिस ने खत्म कर दिया है। इसकी वजह महिला द्वारा दिए गए बयान में छेड़छाड़ की बात न बताना रही। उसने बयान में साफ कहा कि उसका बैंक में काम नहीं हो रहा था, बस इतनी सी बात पर विवाद हुआ था और कुछ नहीं था।
महिला का आरोप बात न मानने पर शाखा प्रबंधक देता था गालियां
महिला ने पुलिस को दी जानकारी में बताया था कि वह ब्लाक म्याऊं में एनआरएलएम समूह में म्याऊं किसान ग्रामीण बैंक में समूह सखी है। वह बैंक में बैठकर काम कर रही थी, उसी दौरान शाखा प्रबंधक ने उसका हाथ पकड़कर खीचा और बोला कि इधर अंदर आओ, मैं जो बताऊं वही करना पड़ेगा। उसने मना किया तो शाखा प्रबंधक ने उसे गंदी गालियां दी और आए दिन उसके साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया।
महिला ने शाखा प्रबंधक पर अश्लील हरकतें करने का लगाया आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि शाखा प्रबंधक अन्य महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकतें कर चुका है। पुलिस द्वारा जब प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो महिला ने अपने साथ समूह की महिलाओं को एकत्र कर बैंक और चौकी के सामने जाम लगा दिया था। काफी देर तक हंगामा हुआ और सड़क जाम रही। इसके बाद सीओ दातागंज कर्मवीर सिंह, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह समेत पुलिस बल पहुंच गया। अलापुर प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के समझाने पर जाम खोला गया था। इस मामले की पुलिस विवेचना कर रही थी।
बयान में छेड़छाड़ की बात न होने पर मामला खारिज
महिला के बयान दर्ज कराए जाने पर यह मामला हल्का हो गया क्योंकि महिला ने अपने बयान में छेड़छाड़ की बात ही नहीं कही। उसने कहा कि बैंक में काम न होने के चलते विवाद हुआ था। इस बयान के बाद शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले को खारिज कर खत्म कर दिया। अलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर छेड़छाड़ जैसी कोई बात नहीं रही। जिसके चलते मामला खारिज कर दिया गया है।
जाम लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि इसी मामले का दूसरा पहलू महिलाओं और उनके साथ आए लोगों द्वारा सड़क पर जाम लगाना है। बता दें कि इस मामले में अपराध निरीक्षक उरेंद्र पाल सिंह की ओर से जाम लगाने के मामले में 31 महिलाओं व बीएमएम आमिर मलिक समेत 100 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।