विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में गोशालाओं में गोवंश की मौत पर बड़ा एक्शन: 2 पंचायत सचिव सस्पेंड, CVO समेत अधिकारियों पर गिरेगी गाज

Published: Mon, 28 Sep 2026 10:55 PM (IST)

बदायूं में गोशालाओं में गोवंशों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दो ग्राम पंचायत ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. म्याऊं व सालारपुर बीडीओ और कार्यवाहक सीवीओ को दी प्रतिकूल प्रविष्टि

जागरण संवाददाता, बदायूं। गोशालाओं में गोवंशों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। म्याऊं ब्लाक के अभिगांव और सालारपुर के ब्यौर की गोशालाओं में बरसात और हाइपोथर्मिया से गोवंशों की मौत के बाद कराई गई जांच में लापरवाही सामने आने पर दोनों ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। अभिगांव की सचिव नौसी परवीन और ब्यौर के सचिव पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जिलेभर की गोशालाओं की जांच कराई थी। सीडीओ गामिनी सिंगला और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं आश्रित शाखमुरी की अध्यक्षता में दो अलग-अलग जांच कमेटियां बनाई गई थीं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों गोशालाओं का संचालन करने वाले एनजीओ को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। उनके संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अभिगांव गोशाला प्रकरण में एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

जांच में लापरवाही पर पशु चिकित्सा विभाग की जिम्मेदारी भी सामने आने पर म्याऊं के पशु चिकित्साधिकारी डा. ज्ञानवीर सिंह और सालारपुर के पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. संजीव भुरियार के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। इसी तरह मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. प्रेमकुमार कोहली के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी लखनऊ पत्र भेजा गया है।

इसके अलावा कार्यवाहक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अब्दुल रहीम, म्याऊं के बीडीओ राकेश कुमार निराला और सालारपुर के बीडीओ नितिन कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। प्रशासन ने सभी गोशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के साथ सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- बदायूं में गोशालाओं की बदहाली पर बवाल: 7 गायों की मौत का वीडियो वायरल, DM बोले- 'एक भी मौत नहीं हुई'