आटोलिफ्टर पकड़ा कई बाइकें बरामद
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आटोलिफ्टर गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार किया है।
बदायूं : सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आटोलिफ्टर गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की गई है। जबकि अन्य कई बाइकों के बारे में उसने जानकारी भी दी है। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने फिलहाल दो बाइकें बरामद कर मुकदमा कायम कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली कि दातागंज की ओर से एक युवक चोरी की बाइक समेत शहर की ओर आ रहा है। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित को थाने लाकर पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव राठौर निवासी गांव नगलाशर्की बताया। आरोपित के पास मिली बाइक चोरी की थी। जबकि उसने कई अन्य बाइकों के बारे में पुलिस को जानकारी दी। यह भी बताया कि उसके गिरोह ने कई बाइकें चोरी करके गैर जिलों में भी बेची हैं। जबकि यह बाइक भी वह बेचने ले जा रहा था लेकिन रास्ते मं पकड़ा गया। एसएचओ सिविल लाइंस अनिल सिरोही ने बताया आरोपित के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।