एएनएम की दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या, लूटपाट की आशंका
सिविल लाइंस क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर एएनएम की हत्या कर दी गई।
बदायूं/सिलहरी : सिविल लाइंस क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर एएनएम की हत्या कर दी गई। घर में बिखरा पड़ा सामान देखकर लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। वह घर में अकेली रहती थी। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी समेत एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने घटनास्थल का मुआयना किया।
दरगाह सागर ताल जाने वाली रोड पर स्थित दरगाह कालोनी में रहने वाली मुसर्रत बेगम (58) पत्नी स्वर्गीय सलीम एएनएम थीं। जिला अस्पताल की ओपीडी में बने टीकाकरण केंद्र में उनकी ड्यूटी थी। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी खत्म करने वह घर चली गई। शाम को करीब पांच बजे उनके दरवाजे पर दो लोग पहुंचे और आवाज लगाई, काफी देर तक कोई नहीं निकला तो वहां से गुजर रहे खेड़ा बुजुर्ग निवासी इमाम हाफिज इस्लाम अली ने घर के भीतर जाकर देखा तो वहां मुसर्रत का शव पड़ा हुआ था। मुंह से खून निकला हुआ था। कमरे के अंदर का सामान भी बिखरा पड़ा था। दिनदहाड़े हत्या होने की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। वहीं फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मुसर्रत के परिवार में एक बेटा और बेटी है। बेटा उस्मान साऊदी के कतर में रहकर नौकरी करता है। जबकि बेटी गजल बरेली में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। वर्जन
महिला की हत्या हुई है। मुकदमा भी हत्या का ही लिखा जाएगा। अभी तक लूटपाट जैसा कुछ नहीं लग रहा है। संभवत: कातिल से हाथापाई के दौरान सामान बिखर गया होगा। फिर भी मामले की जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी