निजी प्लाटों में भी अगर कचरा डाला तो होगी कार्रवाई
जिले में संक्रामक रोगों पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सफाई अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।
बदायूं : जिले में संक्रामक रोगों पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सफाई अभियान को और प्रभावी किया जा रहा है। अब तक पालिका प्रशासन निजी प्लाटों में जमा कचरे के ढेर को नहीं उठाती थी। प्लाट स्वामी की मांग पर ही उस कचरे को हटवाया जाता था, लेकिन अब अगर किसी प्लाट में कचरा मिला तो उसके स्वामी को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन को सार्थक करने के लिए डीएम दिनेश कुमार ¨सह ने यह योजना तैयार की है। शहर के तमाम स्थानों पर खाली पड़े प्लाटों में लोग घरों से निकलने वाला कचरा डालते रहते हैं। निजी प्लाट पर कचरा होने की वजह से पालिका की टीम भी उसको साफ नहीं करती। इससे गंदगी और ज्यादा बढ़ती रहती है। मौजूदा वक्त में संक्रामक रोगों को देखते हुए डीएम ने विशेष सफाई अभियान शुरू कराया है। जिले भर से कचरा दूर किया जा रहा है ताकि गांव साफ-सुथरे दिखाई दें और बीमारी को भी दूर किया जा सके। मगर, शहर के अंदर प्लाटों में पड़ा कचरा दूर नहीं हो पा रहा था। इससे स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाई जा रही कवायद पूरी नहीं हो पा रही थी। निजी प्लाटों से कचरा कैसे हटवाया जाए इसके लिए योजना तैयार करते हुए डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह अभियान चलाकर निजी प्लाटों से कचरा दूर कराएं। पहले प्लाट स्वामियों को नोटिस दिया जाए और वह खाली नहीं करें तो पालिका की टीम लगाकर उस कचरे को दूर किया जाए। कचरा उठाने में जो भी खर्च आता है उसको प्लाट स्वामी से वसूला जाएगा।
शहर में गंदगी किसी भी सूरत में नहीं रहेगी। इसके लिए विशेष अभियान चल रहा है। पालिका वालों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने प्लाटों से कचरा हटा लें, नहीं तो उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
- सुनील कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट