घर में सो रहे अधेड़ की गला रेतकर हत्या
जरीफनगर क्षेत्र के रसूलपुर कलां में अधेड़ की घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई।
फोटो - 11 बीडीएन - 11 - जरीफनगर क्षेत्र के रसूलपुर कलां में हुई वारदात
- गांव के ही एक युवक के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा संसू, दहगवां (बदायूं) : घर में सो रहे एक अधेड़ की शनिवार रात किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त अधेड़ घर में अकेला था। रविवार सुबह जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं परिजनों ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपित की तलाश की जा रही है।
घटना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां की है। यहां रहने वाले बनवारी सिंह (55) खेती किसानी करते थे। उनका बेटा आशाराम शनिवार को ही अपनी पत्नी को बुलाने सहसवान के गांव चंदेसी ससुराल गया था। ऐसे में वह रात को घर में अकेले रह गए थे। रविवार सुबह लोगों ने देखा तो घर में चारपाई पर उनका शव पड़ा था और काफी खून बह रहा था। मुंह में कपड़ा भी ठूंसा हुआ था। किसी ने धारदार हथियार से गला रेत दिया था। घटना की खबर पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को आनन-फानन में पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसपी देहात डॉ. एसपी सिंह व सीओ रामरतन ने भी घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों समेत आसपास इलाके के लोगों से पूछताछ की। बेटे ने पुलिस को बताया कि गांव का ही नन्हें से 10 दिन पहले झगड़ा हुआ था। इस पर उसने जान से मारने और गांव से भगा देने की धमकी भी दी थी। जबकि अब यह घटना हो गई। दोपहर बाद पुलिस को घटना की तहरीर दी गई। इस आधार पर नन्हें के खिलाफ घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह बनी घटना की वजह
- परिजनों का कहना था कि नन्हें आदि झगड़ालू किस्म के हैं। अक्सर उनके घर में आकर बैठते थे। जून में ही आशाराम की शादी हुई थी। उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो उससे गालीगलौज करने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों की बोलचाल भी आपस में बंद थी। वर्जन
तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित को तलाश कर रहे हैं। अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर जरीफनगर
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप