बदायूं में कोयले के कैंटर में निकली 230 पेटी हरियाणा शराब
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोयले के कैंटर में 230 पेटी हरियाणा मार्का शराब पकड़ी गई। यह कार्रवाई आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कैंटर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जेएनएन, बदायूं : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोयले के कैंटर में 230 पेटी हरियाणा मार्का शराब पकड़ी गई। यह कार्रवाई आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कैंटर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सिविल लाइंस पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली कि हरियाणा से एक कैंटर अवैध शराब लेकर बिहार जा रहा है। सूचना पर एसएचओ सुधाकर पांडेय ने कैंटर पकड़ने को चेकिंग शुरू कराई। आबकारी निरीक्षक वाणी विनायक मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मंडी समिति के पास चेकिग शुरू की। अलापुर रोड पर जा रहे कैंटर रोका। टैंकर चालक ने बताया कि वह कोयला लेकर जा रहा है। उसने कोयला का बिल दिखाया। जिस पर कोयला भिवानी से सिलीगुड़ी तक जाने की बात दर्ज थी। पुलिस ने कैंटर में पड़ी त्रिपाल हटवाकर देखा तो कोयले के नीचे हरियाणा शराब की पेटियां भरी थीं। फिर चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जयपाल निवासी बरेली थाना बादडा जिला चरखी दादरी प्रांत हरियाणा बताया। चालक ने बताया कि वह हरियाणा से बिहार के लिए शराब ले जा रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ अवैध शराब की तस्करी करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हवालात में बंद किया। वर्जन ..
शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। मंडी समिति के पास पकड़े कैंटर में 230 पेटी हरियाणा शराब बरामद हुई है। कैंटर चालक पर मुकदमा दर्ज कर उसको जेल भेजा जा रहा है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी