आजमगढ़ में युवक की गला रेतकर हत्या, फारेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक शाहरुख खान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव गौरी ...और पढ़ें

आजमगढ़ में मूक युवक शाहरुख खान की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी।
HighLights
गंभीरपुर में युवक शाहरुख खान की गला रेतकर हत्या।
गौरी गांव के पास बाहा में मिला शव।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह युवक का शव गांव की नट बस्ती के बगल से गुजरने वाले बाहा में पड़ा मिला।
मृतक की पहचान गौरी निवासी 30 वर्षीय शाहरुख खान के रूप में हुई है। शाहरुख बोलने में असमर्थ था और ब्रेड बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हलचल फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शाहरुख मंगलवार शाम घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो रात करीब 12 बजे डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी।
बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गौरी गांव की नट बस्ती के बगल स्थित बाहा में शाहरुख का शव पड़ा देखा। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।घटनास्थल पर सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और मेंहनगर के उपजिलाधिकारी अशोक कुमार भी पहुंचे। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपितों का पता लगाने में जुटी है। तीन भाइयों और तीन बहनों में शाहरुख सबसे छोटा था।
