उप डाकघर में आधार कार्ड का काम एक माह से ठप
उप डाकघर मेंहनगर में पिछले एक माह से आधार कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। सैकड़ो की संख्या में पब्लिक प्रतिदिन उप डाकघर का चक्कर लगा रही है। वहीं आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में स्थानांतरण होने के बाद भी पोस्टमास्टर उसी स्थान पर डटे हैं। इसके चलते उप डाकघर के कर्मचारी से लेकर आम पब्लिक तक परेशान है।
जासं, मेंहनगर (आजमगढ़) : उप डाकघर मेंहनगर में पिछले एक माह से आधार कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। सैकड़ों की संख्या में पब्लिक प्रतिदिन उप डाकघर का चक्कर लगा रही है। वहीं आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में स्थानांतरण होने के बाद भी पोस्टमास्टर उसी स्थान पर डटे हैं। इसके चलते उप डाकघर के कर्मचारी से लेकर आम पब्लिक तक परेशान है। उप डाकघर मेंहनगर में पोस्टमास्टर एक प्राइवेट कर्मचारी रखकर आधार कार्ड बनवाते थे। पब्लिक द्वारा आधार कार्ड के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत विजिलेंस टीम से की गई थी। विजिलेंस टीम ने उप डाकघर पर छापेमारी की तो आधार कार्ड पर धन उगाही व प्राइवेट आदमी रखकर आधार कार्ड बनाया जा रहा था। विजिलेंस टीम ने इसकी रिपोर्ट प्रवर डाक अधीक्षक को सौंपी। विजिलेंस की शिकायत पर उप डाक निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने छह मई को मेंहनगर उप डाकघर का औचक निरीक्षण किया। डाकघर के अंदर केबिन में प्राइवेट आदमी रखकर आधार कार्ड बनाया जा रहा था। डाक निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट प्रवर डाक अधीक्षक को सौंपी। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रवर डाक अधीक्षक ने पोस्टमास्टर का स्थानांतरण कर दिया। इसके बाद विभाग उनको भूल गया। आरोप है कि पोस्टमास्टर अभी भी उप डाकघर मेंहनगर में जमे हुए हैं। इसके बाद से डाकघर में आधार कार्ड बनाने का काम बंद हो गया। पब्लिक प्रतिदिन उप डाकघर की दौड़ लगा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में प्रवर डाक अधीक्षक योगेंद्र मौर्य का कहना है कि कर्मचारियों की कमी की वजह से ऐसी समस्या आ रही है। उप डाकघर में आधार कार्ड बनाने के लिए बात किया हूं, जल्द ही शुरू होगा।