महिला की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता रौनापार (आजमगढ़) रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव में बुधवार की रात
जागरण संवाददाता, रौनापार (आजमगढ़) : रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव में बुधवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों ने अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या करने का आरोप ससुरालियों पर लगाया है। पुलिस पति व श्वसुर को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है। कंधरापुर क्षेत्र के पांडे चक अवती गौरी गांव निवासी श्यामदेव की पुत्री संगीता (35) की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व बघावर गांव निवासी जयहिद के साथ हुई थी। स्वजन का कहना है कि संगीता ने बुधवार रात पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या कर ली। ससुराली गुरुवार की सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। किसी ने इस घटना की खबर मायका पक्ष को दी तो पुलिस पहुंच आई। पीड़ित भाई नागेंद्र का आरोप है कि उसके बहनोई का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था। बहन के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। बुधवार की रात भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। उसी नाराजगी में बहनोई ने उसकी बहन की हत्या कर दी। भाई ने ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मृतका के पति जयहिद व श्वसुर खूबलाल को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष नवल किशोर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।