UP News: सबूत मिलने पर डान अबू सलेम के भतीजे आरिफ को भेजा गया जेल, फर्जी तरीके से बैनामे के थे आरोप
आजमगढ़ पुलिस ने पुख्ता साक्ष्य मिलने पर डान अबू सलेम के भतीजे आरिफ का चालान कर शनिवार को न्यायालय में भेज दिया। उसके खिलाफ मार्टीनगंज तहसील में वादी परवीन की तरफ से फर्जी तरीके से बैनामे के प्रमाण मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : पुलिस ने पुख्ता साक्ष्य मिलने पर डान अबू सलेम के भतीजे आरिफ का चालान कर शनिवार को न्यायालय में भेज दिया। उसके खिलाफ मार्टीनगंज तहसील में वादी परवीन की तरफ से फर्जी तरीके से बैनामे के प्रमाण मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
कोतवाली पुलिस तहसील से अन्य रिकार्ड जुटाने में जुट गई है। इसके आधार पर आरिफ पर और शिकंजा कसने की तैयारी है। शहर के चकला पहाड़पुर निवासी शाबाना परवीन ने 25 मई को कोतवाली में ननद हीना और बहनोई सलमान निवासी पहाड़पुर व मोहम्म्द आरिफ निवासी पठानटोला थाना सरायमीर के खिलाफ तहरीर दी।
आरोप लगाया कि जैद अहमद व साहिद की संपत्ति हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखे से वसीयतनामा अपने नाम रजिस्टर्ड करा लिया। एसडीएम मार्टिनगंज ने जांच के बाद कूटरचित दस्तावेज निरस्त कर दिया। जिस पर साहिदा खातून व जैद अहमद की संपत्ति हड़पने के लिए घर पर जाकर रंगदारी वसूलने के लिए डराया धमकाया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए शुक्रवार को आरोपी हेना व सलमान को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मोहम्मद आरिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने चालान कर उसे न्यायालय भेज दिया।