अनियंत्रित बाइक पुलिया से नीचे गिरी, युवक की मौत
तहबरपुर थाना क्षेत्र के करियावर गांव के समीप बुधवार की रात को बाइक अनियंत्रित होकर नहर पुलिया से नीचे गिर गई। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, तहबरपुर (आजमगढ़) : तहबरपुर थाना क्षेत्र के करियावर गांव के समीप बुधवार की रात को बाइक अनियंत्रित होकर नहर पुलिया से नीचे गिर गई। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक के पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। घायल की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के धनियाकुड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय चंदन पुत्र स्व. बिरई राम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। कप्तानगंज क्षेत्र के मंदुरी गांव निवासी 23 वर्षीय प्रदीप पुत्र अच्छेलाल की बहन की ससुराल चंदन के घर के बगल में है। जिसके चलते चंदन का प्रदीप से दोस्ती हो गई थी। चंदन बुधवार की शाम को प्रदीप से मिलने के लिए मंझारी बाजार गया था। वहां से दोनों रात में लगभग साढ़े नौ बजे नशे की हालत में बाइक पर सवार होकर वापस आ रहे थे। रास्ते में करियावर गांव स्थित नहर पुलिया के पास पहुंचे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं प्रदीप घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृत युवक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी पांच बहनें हैं। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।