कच्चा मकान गिरने से दो वर्ष के मासूम संग महिला की मौत
आजमगढ़ सोमवार की शाम से हो रही बारिश से कच्चा मकान गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को देवगांव व निजामाबाद थाना क्षेत्र में दो कच्चा मकान गिरने से दो वर्ष के मासूम व एक महिला की मौत हो गई जबकि मलबे में दबने से तीन बच्चे व दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : सोमवार की शाम से हो रही बारिश से कच्चा मकान गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को देवगांव व निजामाबाद थाना क्षेत्र में दो कच्चा मकान गिरने से दो वर्ष के मासूम व एक महिला की मौत हो गई, जबकि मलबे में दबने से तीन बच्चे व दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देवगांव : कोतवाली क्षेत्र के चौकी दौना जेहतमंदपुर गांव में मंगलवार को दिन में करीब 2.30 बजे कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबने से दो वर्ष के मासूम की मौत हो गई। जबकि घर में सोए तीन बच्चे घायल हो गए। चौकी दौना के जेहतमंदपुर निवासी श्यामबली के कच्चे मकान में चार बच्चे सोए थे और परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। अचानक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। इसमें ननिहाल में रह रही रोशनी (8) पुत्री दीनदयाल निवासी रसड़ा, दिव्यांशी (3) पुत्री सुदर्शन, आशु (2) पुत्र सुदर्शन निवासी खानपुर बेलहरी जिला गाजीपुर एवं सत्यम (6) पुत्र अनिल राजभर घायल हो गए। सभी को मलबे से निकालकर सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया। जहां आशु की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग जौनपुर जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
निजामाबाद : थाना क्षेत्र बुढ़हान पट्टी गांव में सोमवार को दिन में लगभग तीन बजे इरशाद का कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबने से इरशाद की पत्नी जिन्नतुनिशा (38), पड़ोसी नजीरुनिशा (80) पत्नी मरहूम इसहाक एवं रहिमुन पत्नी सईफ घायल हो गईं। नजीरुन्निशा का पैर टूटा और रहिमुन को गंभीर चोट लगी। वहीं घायल जिन्नतुनिशा की हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग जिला चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को लेकर परिजन घर लौट गए। मृतका के दो लड़के व एक लड़की है। घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार सर्वेश गौर, क्षेत्रीय लेखपाल शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा लेकिन मृतका के पति व बच्चे राजी नही हुए।