दो पक्षों में लाठी डंडा से संघर्ष, सात घायल
कंधरापुर थाना क्षेत्र के नामदारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार की रात को दो पक्षों के बीच लाठी डंडा से जमकर संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : कंधरापुर थाना क्षेत्र के नामदारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार की रात को दो पक्षों के बीच लाठी डंडा से जमकर संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नामदारपुर गांव निवासी श्याम नरायन राम व अगनू राम पक्ष के बीच काफी दिनों से पुरानी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश को लेकर रविवार की रात को लगभग दस बजे दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कहासुनी के दौरान दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पक्ष पर लाठी डंडा से हमला कर दिया। इस हमले में एक पक्ष से 60 वर्षीय लेझुरा देवी पत्नी श्याम नरायन, उसके पुत्र 42 वर्षीय राम प्रसाद, 38 वर्षीय प्रह्लाद, 20 वर्षीय पौत्र अंकुर पुत्र राम प्रसाद व दूसरे पक्ष के 55 वर्षीय लालधर, 45 वर्षीय लीलाधर पुत्रगण अगनू व 25 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी मनोज घायल हो गए। सभी घायलों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना पाकर रात में ही कंधरापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। दोनों घायल पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ कंधरापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। कंधरापुर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है।