पोखरे में डूबने से बालक समेत दो की मौत
निजामाबाद व दीदारगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को पोखरे में डूब जाने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गयी। मौत की खबर से दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : निजामाबाद व दीदारगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को पोखरे में डूब जाने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गयी। मौत की खबर से दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार-क्षेत्र के बारी खास गांव निवासी 13 वर्षीय सुभान पुत्र मोहम्मद राशिद गांव के समीप स्थित पोखरे के पास शनिवार की दोपहर को दो बजे बकरी चराने के लिए गया था। वह अन्य बच्चों के साथ पोखरे में नहाने लगा। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। सूचना पाकर गांव के लोग भी पहुंच गए। गांव के निवासी व भाजपा मंडल अध्यक्ष आदिल शेख पोखरे में कूद गए और वे किशोर को कुछ देर बाद पोखरे से बाहर निकाला। परिवार के लोग उसे एक डाक्टर के पास लेकर गए जहां डाक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पंचायतनामा बनाकर शव दफन करने के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया। दीदारगंज प्रतिनिधि के अनुसार-क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी 27 वर्षीय दुष्यंत उर्फ दीपक पुत्र राजेंद्र भारती शनिवार की सुबह लगभग आठ बजे अपना खेत देखने के लिए जा रहा था। रास्ते में पानी भरा होने के चलते वह रास्ता भटक कर पोखरे में चला गया। जिससे पोखरे में डूब जाने से उसकी मौत हो गयी। ग्रामीणों ने पंपिग सेट लगाकर पोखरे का पानी जब निकाला तो पांच घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पत्नी गुड़िया व मां सरिता का रो रो कर बुरा हाल है।