संदिग्ध अवस्था में झुलसी महिला समेत दो की मौत
मुबारकपुर व महराजगंज थाना क्षेत्र में संदिग्धावस्था में आग से झुलसे महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला के भाई ने ससुराल पक्ष पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : मुबारकपुर व महराजगंज थाना क्षेत्र में संदिग्धावस्था में आग से झुलसी महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृत महिला के भाई ने ससुराल पक्ष पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर गांव निवासी राजेश गुप्त की पुत्री 24 वर्षीय रुचि गुप्ता की शादी तीन जून 2015 को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार निवासी पंकज गुप्त के साथ हुई थी। रुचि का एक ढाई वर्ष का पुत्र गुड्डू है। परिजन का कहना है कि 13 फरवरी की दोपहर को लगभग दो बजे रुचि संदिग्ध हालत में आग से झुलस गई थी। हालत गंभीर देख परिवार के लोग उसे वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराए थे। इलाज के दौरान सोमवार की भोर में लगभग साढ़े तीन बजे उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग वाराणसी से उसका शव लेकर घर आ गए। इधर मायका पक्ष के लोग भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। मृत महिला के भाई अशोक गुप्त ने दहेज के लिए अपनी बहन को प्रताड़ित कर जला कर मार डालने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। भाई का कहना है कि उसकी बहन जब आग से झुलसी थी तो उसने मुबारकपुर थाने में ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। घटना की सूचना पाकर तहसीलदार सगड़ी अर¨वद ¨सह व मुबारकपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी ओर महराजगंज थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी 22 वर्षीय जोगिंदर यादव पुत्र राजू यादव रविवार की दोपहर को स्टोव जलाकर मीट बना रहा था। परिजन का कहना है कि मीट बनाने समय अचानक स्टोव फट गया। जिससे वह आग से झुलस गया। झुलसे हालत में परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी सोमवार की सुबह लगभग सवा सात बजे मौत हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मजदूरी कर अपने परिवार का जीवकोपार्जन चलाता था।